
नई दिल्ली, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने देश में चल रहे विभिन्न जन-आंदोलनों और नागरिक समस्याओं को एक साझा मंच प्रदान करने के उद्देश्य से एक नए डिजिटल प्लेटफॉर्म सत्याग्रह की शुरुआत की है.
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो संदेश जारी करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि आज देश के अलग-अलग कोनों में लाखों की संख्या में विरोध-प्रदर्शन और आंदोलन हो रहे हैं, जहां छात्र पेपर लीक के खिलाफ, किसान अपनी जमीन के लिए, आशा कार्यकर्ता मानदेय के लिए और आदिवासी अपने जंगलों को बचाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं. उन्होंने आगे कहा कि जेन जी, युवाओं, महिलाओं, दलितों और पिछड़ों द्वारा लड़ी जा रही ये लड़ाइयां अक्सर अलग-थलग पड़ जाती हैं और अकेले उठने वाली इन आवाजों को आसानी से दबा दिया जाता है. इसी दूरी और बिखराव को खत्म करने के लिए इस इंटरेक्टिव वेबसाइट को तैयार किया गया है, जिसके जरिए देशभर के छोटे-बड़े आंदोलनों को एक डिजिटल नक्शे पर एक साथ प्रदर्शित किया जाएगा ताकि समान समस्याओं से जूझ रहे लोग एक-दूसरे को देख सकें और एकजुट हो सकें.
राहुल गांधी ने नागरिकों से अपील की है कि वे महज दो मिनट का समय निकालकर इस प्लेटफॉर्म पर अपने समूह का नाम, मुद्दा और आंदोलन की जानकारी दर्ज कराएं, जिसके बाद यह डेटा सीधे उन तक पहुंच जाएगा और इसके लिए किसी को दिल्ली आने की भी जरूरत नहीं होगी. नेता प्रतिपक्ष के रूप में अपनी जिम्मेदारी को रेखांकित करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि जहां भी सच को कुचला जा रहा है, वहां लोगों की मदद करना उनका कर्तव्य है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे इन पंजीकृत आंदोलनों की मांगों और आवाजों को सड़क से लेकर संसद तक पुरजोर तरीके से उठाएंगे, पत्र लिखेंगे और जरूरत पड़ने पर जमीन पर भी जनता के साथ खड़े होंगे.
