नई दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के वेस्ट विनोद नगर में एक युवक की कथित तौर पर बेरहमी से पिटाई किए जाने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान 35 वर्षीय अभिनय कुमार सिंह के रूप में हुई है। वह उत्तर प्रदेश के कुशीनगर का रहने वाला था और चेन्नई में नौकरी करता था। बताया जा रहा है कि वह अपनी महिला मित्र से मिलने दिल्ली आया था। आरोप है कि 7 नवंबर की रात करीब 8 से 10 लोगों ने मिलकर उसकी पिटाई की थी। गंभीर रूप से घायल अभिनय ने सात दिनों तक अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष किया, लेकिन 14 नवंबर को उसकी मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, 7 नवंबर की रात करीब 9:10 बजे अभिनय वेस्ट विनोद नगर की गली नंबर-9 स्थित एक मकान में पहुंचा था। यहां उसकी मुलाकात नेहा बिष्ट और अंजली बिष्ट नाम की युवतियों से होनी थी। आरोप है कि कुछ देर बाद वहां कई लोग पहुंचे और अभिनय को मकान से बाहर निकालकर उसके साथ मारपीट की गई। हमले में उसके सिर समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
8 से 10 लाख रुपये वापस मांगने पर विवाद का आरोप
मृतक के परिजनों का आरोप है कि शादी और मकान बनवाने के नाम पर अभिनय ने 8 से 10 लाख रुपये दिए थे। जब उसने रकम वापस मांगी तो विवाद बढ़ गया। परिवार का आरोप है कि इसी विवाद के बाद अभिनय के साथ मारपीट की गई। परिजनों ने नेहा और अंजली के पिता वीरेंद्र बिष्ट, भाई जय बिष्ट समेत अन्य लोगों पर हमले में शामिल होने का आरोप लगाया है। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
सिर में गंभीर चोट, वेंटिलेटर पर रखा गया था
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अभिनय को अस्पताल में भर्ती कराया। उसकी हालत गंभीर होने के कारण उसे वेंटिलेटर पर रखा गया। बताया जा रहा है कि सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उसके मस्तिष्क पर असर पड़ा था। डॉक्टरों ने उसकी जान बचाने के लिए ऑपरेशन भी किया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद 14 नवंबर को उसकी मौत हो गई।
दो आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी
पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त राजीव कुमार के मुताबिक, 7 नवंबर की रात करीब 9:10 बजे पुलिस को पीसीआर कॉल मिली थी। सूचना वेस्ट विनोद नगर की गली नंबर-9 स्थित एक मकान से संबंधित थी। शुरुआत में मकान में एक व्यक्ति के घुसने की सूचना मिली थी। कुछ देर बाद पुलिस को युवक की पिटाई किए जाने की जानकारी मिली। पुलिस मौके पर पहुंची तो अभिनय घायल अवस्था में मिला। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। फिलहाल पुलिस घटना के पीछे की वजह, पैसों के लेनदेन और मारपीट में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।