
छिंदवाड़ा. लोक आस्था, सूर्य उपासना और सामाजिक समरसता का प्रतीक चार दिवसीय छठ महापर्व सोमवार सुबह उगते सूर्य देवता को अर्घ्य अर्पित करने के साथ श्रद्धा और उल्लास के बीच संपन्न हुआ। छठ महापर्व के अंतिम दिन शहर के छोटा तालाब पर अलसुबह से ही व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। जैसे-जैसे सूर्योदय का समय नजदीक आया, घाट पर श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती गई। छठी मैया के पारंपरिक गीतों और सूर्य देव के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। उत्तर भारतीय एकता मंच के तत्वावधान में छोटा तालाब परिसर में विशेष आयोजन किया गया। इस दौरान घाट पर पूजन और अर्घ्य की विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। व्रती महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में पूजा की थालियां और बांस के सूप सजाकर भगवान सूर्य की आराधना की। सूप में फल, नारियल, ठेकुआ और विभिन्न पूजन सामग्री रखकर उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया गया। श्रद्धालुओं ने छठी मैया से परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और संतान की दीर्घायु की कामना की।
36 घंटे के निर्जला व्रत का हुआ पारण ०००००
छठ महापर्व के अंतिम दिन व्रतियों ने 36 घंटे के कठिन निर्जला व्रत का समापन किया। उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद छठी मैया की पूजा-अर्चना कर व्रत का पारण किया गया। इस दौरान परिवार के सदस्यों ने भी पूजा में सहभागिता निभाई। घाट पर बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में विशेष उत्साह देखने को मिला।
सामाजिक एकता और संस्कृति की दिखी झलक ०००००
छोटा तालाब में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में उत्तर भारतीय समाज के साथ शहर के अन्य समाजों के लोगों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। आयोजन के माध्यम से छिंदवाड़ा में उत्तर भारतीय संस्कृति और लोक परंपराओं की सुंदर झलक देखने को मिली। चार दिनों तक चले इस महापर्व ने सामाजिक एकता, पारिवारिक जुड़ाव और आपसी सद्भाव का संदेश दिया। उत्तर भारतीय एकता मंच के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं, प्रशासनिक अधिकारियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही चार दिनों तक चला आस्था और भक्ति का यह महापर्व अगले वर्ष फिर मिलने के संकल्प के साथ संपन्न हो गया।
डलिया में सजाकर लाईं पूजन सामग्री ०००
महिलाएं पारंपरिक तरीके से डलिया में पूजन सामग्री सजाकर घाट पहुंचीं। इसमें ठेकुआ, केला, नारियल, गन्ना और मौसमी फल सहित अन्य प्रसाद रखा गया था। छठ पूजा में इन सामग्रियों का विशेष महत्व माना जाता है। व्रतधारी महिलाओं ने पूरे विधि-विधान से पूजा संपन्न की।
36 घंटे के निर्जला व्रत का किया पारण ००००
छठ पर्व की शुरुआत नहाय-खाय से हुई थी। इसके बाद खरना की परंपरा निभाई गई। व्रतधारी महिलाओं ने 36 घंटे तक निर्जला व्रत रखकर रविवार शाम डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया और सोमवार सुबह उगते सूर्य की पूजा के बाद व्रत का पारण किया। इसके बाद परिवार के सदस्यों और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
सुरक्षा के लिए तैनात रही टीम ००००
छोटा तालाब घाट पर व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासन की टीम मौजूद रही। सुरक्षा के मद्देनजर गोताखोरों तथा नगर निगम की टीम को भी तैनात किया गया था। महिलाओं और बच्चों की सुविधा के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए थे। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धा और उत्साह का माहौल बना रहा।
