नोएडा 16 नवंबर (वार्ता) भारतीय समर्पित माल गलियारा निगम लिमिटेड (डीएफसीसीआईएल) को अंतररा ष्ट्रीय परामर्श इंजीनियर्स संघ (एफआईडीआईसी) एशिया-प्रशांत पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। डीएफसीसीआईएल को यह पुरस्कार बड़ी परियोजना की श्रेणी में मिला है।
डीएफसीसीआईएल की ओर से सोमवार को जारी एक विज्ञप्ति में बताया गया कि श्रीलंका की राजधानी कोलंबो में सोमवार को आयोजित एक समारोह में यह पुरस्कार प्रदान किया गया। डीएफसीसीआईएल ने कहा कि यह सम्मान पूर्वी और पश्चिमी समर्पित माल गलियारे के विशाल नेटवर्क, आधुनिक इंजीनियरिंग, तकनीकी उत्कृष्टता तथा देश की लॉजिस्टिक्स व्यवस्था को मजबूत बनाने में उसके योगदान को दर्शाता है। डीएफसीसीआईएल के प्रबंध निदेशक (एमडी) आलोक तिवारी को यह सम्मान ग्रहण किया। इस मौके पर उनके साथ कार्यकारी निदेशक (ईडी) पवन कुमार भी मौजूद थे।
डीएफसीसीआईएल के अनुसार यह पुरस्कार समर्पित माल गलियारे के आधुनिक इंजीनियरिंग, विद्युतीकृत डबल-ट्रैक अवसंरचना, गतिशील आवाजाही और लॉजिस्टिक क्षेत्र में तेजी से सुधार के लिए मिला। तकरीबन 1.24 लाख करोड़ रुपये की लागत से विकसित 2,843 किलोमीटर लंबे इन गलियारों में माल ढुलाई की क्षमता बढ़ाई गयी है। पूर्वी समर्पित माल गरियारा (ईडीएफसी) पंजाब में लुधियाना से बिहार में सोननगर तक 1,337 किलोमीटर और पश्चिम समर्पित माल गलियारा (डब्ल्यूडीएपसी) उत्तर प्रदेश दादरी से मुंबई के जवाहरलाल नेहरू पोर्ट तक 1,506 किलोमीटर लंबा है। यह सम्मान भारत की रेल माल परिवहन क्षमता और विश्व स्तर पर रेल इंजीनियरिंग उपलब्धि को रेखांकित करता है।
डीएफसी औद्योगिक क्षेत्रों, उत्पादन केंद्रों, फ्रेट टर्मिनलों और भारत के मुख्य बंदरगाहों को जोड़ता है। इस कॉरिडोर पर 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से 1,500 मीटर तक लंबी और भारी मालगाड़ियां दौड़ाई जा सकती हैं। इस परियोजना से देश में आज माल परिवहन तेज और सुगम हो रहा है, परिवहन समय तेजी से घट रहा है और भंडारण लागत गिर रही है। कच्चे माल और तैयार उत्पादों की बेहतर आपूर्ति से उद्योग, खनन, कृषि और व्यापार को उल्लेखजनक बढ़ावा मिल रहा है। बंदरगाहों से बेहतर कनेक्टिविटी निर्यात-आयात को गति मिल रही है।
