
नई दिल्ली। आज संसद भवन स्थित कार्यालय में नर्मदापुरम लोकसभा क्षेत्र के विकास कार्यों को लेकर सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 46 (NH-46) पर ग्राम रायपुर के पास चारों दिशाओं से एप्रोच रोड निर्माण का अनुरोध किया।
सांसद ने पाइंट इमलिया पर प्रगति पर चल रहे फ्लाईओवर ब्रिज के साथ-साथ वहां जल निकासी की समस्या के समाधान के लिए पुलिया निर्माण की आवश्यकता जताई। उन्होंने सेंट्रल रोड फंड के अंतर्गत नर्मदापुरम जिला मुख्यालय से मीनाक्षी चौक होते हुए कलेक्टर आवास तक फोरलेन सड़क निर्माण का भी आग्रह किया।
इसके अतिरिक्त, राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 7 पर तेंदूखेड़ा, गुटोरी और कुम्हरोड़ा ग्रामों में एप्रोच और सर्विस रोड निर्माण की मांग की गई। वहीं, सनखेड़ा और इटारसी से सुखतवा तक NH-46 पर अधूरे निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण करने की आवश्यकता पर भी चर्चा की गई।
