
बागली/पीपरी। शिक्षक दिवस के अवसर पर सनातन विचार मंच द्वारा नर्मदा मंदिर परिसर पीपरी में शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बागली विधायक मुरली भंवरा उपस्थित रहे, जबकि अध्यक्षता महेश गुर्जर ने की। विशेष अतिथि के तौर पर रविंद्रनाथ भारद्वाज, महेंद्र नागर, अजय शर्मा, लेखक राजेंद्र बज, पत्रकार सुनील योगी और संकुल प्रभारी पप्पूसिंह अचाले शामिल हुए।
समारोह में क्षेत्र के 120 शिक्षकों का सम्मान विधायक भंवरा ने पुष्पहार और शाल श्रीफल से किया। अपने 50 मिनट के उद्बोधन में उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज की नींव हैं, उनकी गोद में विकास और प्रलय दोनों जन्म लेते हैं। सोनकच्छ क्षेत्र की एक घटना का उल्लेख करते हुए उन्होंने परिवार के वातावरण को बच्चों के भविष्य की दिशा तय करने वाला बताया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए वे सदैव तैयार हैं और स्वयं को शिक्षक परिवार का हिस्सा मानते हैं।
इस अवसर पर विशेष वक्ता राजेंद्र बज ने शिक्षकों के त्याग और समर्पण पर प्रकाश डालते हुए वर्तमान समय की चुनौतियों पर चर्चा की। शिक्षक लोकेंद्र परिहार ने देशभक्ति कविता प्रस्तुत की, वहीं अन्य शिक्षकों ने भी विचार रखे। संस्था ने पत्रकार डी.एल. चौहान, अरविंद ठाकुर, राजेंद्र योगी और कावड़ यात्री राजा अजमेरा का भी सम्मान किया।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षक गिरजेंद्र वर्मा ने किया और विधायक से शासन की नई परीक्षा नीति पर पुनर्विचार कराने की मांग रखी। अंत में सुरेंद्र मिश्रा ने सभी का आभार व्यक्त किया।
