महू: महू कोतवाली थाना क्षेत्र की बंडा बस्ती में अवैध बूचड़खाने में गोवंश काटे जाने की जानकारी मिलते ही बजरंग दल कार्यकर्ता और पुलिस टीम मौके पर पहुंची. प्रारंभिक जांच में आधा दर्जन से अधिक गोवंश काटे जाने की बात सामने आई, जिसके बाद पुलिस ने जब्ती की कार्रवाई शुरू कर दी.जानकारी के अनुसार, घटनास्थल से गोवंश के अवशेष हटाने के लिए कैंटोनमेंट बोर्ड की गाड़ी भी मौके पर बुलाई गई थी. इसी दौरान इलाके में बड़ी संख्या में वर्ग विशेष के लोग एकत्र हो गए और पुलिसकर्मियों तथा कैंटोनमेंट बोर्ड के कर्मचारियों पर पथराव शुरू कर दिया. देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण बन गई.
अचानक हुए पथराव से मौके पर अफरा-तफरी मच गई. पुलिस ने हालात को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त बल बुलाया और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी. घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है.फिलहाल पुलिस ने आदतन अपराधी और बाड़ा संचालक इमरान खटखट के अलावा उसके साथी कादिर, हासिम और कल्ला के खिलाफ गोवध का प्रकरण दर्ज किया है. पुलिस ने मौके से बड़ी मात्रा में गोमांस जब्त किया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. वहीं पथराव में शामिल लोगों की पहचान भी की जा रही है. प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है.
लगे अल्लाहु अकबर के नारे
सूचना मिलते ही एसडीओपी ललित सिंह सिकरवार, थाना प्रभारी राहुल शर्मा, मानपुर थाना प्रभारी महेंद्र मकाश्रै, किशनगंज थाना प्रभारी अमित कुमार सहित तहसील के सभी थानों का पुलिस बल बड़ी संख्या मौके पर पहुंच गया. तब तक बस्ती के लोग भीड़ के रूप जमा हो गए और अल्लाहु अकबर के नारे लगाने लगे. कुछ ही देर में एसडीएम राकेश परमार, तहसीलदार विवेक सोनी सहित प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे. इसके बाद स्थिति नियंत्रण में आई.
रासुका की कार्रवाई से आते ही फिर गोवध किया शुरू
गौरतलब है कि आरोपित इमरान खटखट आदतन अपराधी है. उस पर पूर्व में रासुका और जिलाबदर की कार्रवाई भी हो चुकी है. इमरान पर कुल 10 प्रकरण दर्ज हैं. इसमें से 6 प्रकरण गोवध, 3 मारपीट और एक आर्म्स एक्ट का प्रकरण दर्ज है. रासुका की कार्रवाई में इमरान साढ़े तीन माह की जेल भी काट चुका है
