मोदी ने पश्चिमबंग दिवस पर दी शुभकामनाएँ, श्यामा प्रसाद मुखर्जी के योगदान को किया नमन

नयी दिल्ली, 20 जून (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिमबंग दिवस पर राज्य के नागरिकों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा है कि पश्चिम बंगाल ने साहित्य, संगीत, कला, अध्यात्म, विज्ञान, व्यापार एवं वाणिज्य तथा सामाजिक सुधार सहित अनेक क्षेत्रों में अमूल्य योगदान दिया है और उसके कारण भारत का इतिहास तथा राष्ट्रीय चेतना समृद्ध हुई है। श्री मोदी ने शनिवार को सोशल मीडिया एक्स पर अपने संदेश में लिखा कि 20 जून पश्चिम बंगाल के इतिहास में अत्यंत महत्वपूर्ण दिन है, क्योंकि इसी दिन यह सुनिश्चित हुआ था कि पश्चिम बंगाल भारत का अभिन्न अंग बना रहेगा। उन्होंने कहा कि इस संदर्भ में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की भूमिका अमूल्य रही है और वर्ष 2026 में उनकी 125वीं जयंती भी मनाई जा रही है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र पश्चिम बंगाल सरकार के साथ मिलकर राज्य के लोगों के सपनों और आकांक्षाओं को साकार करने के लिए कार्य करती रहेगी। उन्होंने पश्चिम बंगाल की निरंतर प्रगति और राज्य के सभी नागरिकों की समृद्धि के लिए प्रार्थना भी की। उन्होंने कहा, “पश्चिमबंग दिवस के अवसर पर पश्चिम बंगाल की मेरी सभी बहनों और भाइयों को हार्दिक शुभकामनाएं। यह दिन उस राज्य का उत्सव है, जिसने विभिन्न क्षेत्रों में अपने योगदान से भारत के इतिहास को महत्वपूर्ण रूप से आकार दिया है और समय-समय पर देश की राष्ट्रीय चेतना को समृद्ध किया है।”

Next Post

सरकार ने महिला सुरक्षा और लैंगिक समानता के लिए शुरु किया 'निर्भय चेतना' अभियान

Sat Jun 20 , 2026
नयी दिल्ली, 20 जून (वार्ता) पंचायती राज मंत्रालय ने महिलाओं की सुरक्षा, गरिमा और लैंगिक समानता के प्रति जमीनी स्तर पर पुरुष निर्वाचित प्रतिनिधियों को संवेदनशील बनाने के वास्ते ‘निर्भय चेतना’ अभियान शुरू किया है, जिसके तहत देशभर के 17.5 लाख से अधिक पुरुष जनप्रतिनिधियों तक पहुंचने के लिए 28,500 […]

You May Like