
तलेन। शुजालपुर रोड पर दर्दनाक सडक़ हादसे में एक 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई. अज्ञात तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे युवक के दोनों पैरों के ऊपर से ट्रक निकल गया. गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. प्राप्त जानकारी के अनुसार, अभिषेक (24 वर्ष) पुत्र कमलसिंह राठौर, निवासी ग्राम महुआ (थाना बोडा) अपनी मोटरसाइकिल से जा रहे थे. विगत रात्रि लगभग 11 बजे के आसपास, जब वे तलेन से कुछ दूरी पर स्थित तिवारी पेट्रोल पंप के सामने पहुंचे, तभी एक अज्ञात ट्रक ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी. दुर्घटना इतनी भीषण थी कि टक्कर के बाद अनियंत्रित ट्रक मोटरसाइकिल चालक अभिषेक के दोनों पैरों के ऊपर से गुजर गया. घटना के समय रात्रि होने का फायदा उठाकर अज्ञात ट्रक चालक मौके से वाहन सहित फरार हो गया. घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची डायल 112 की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घायल अभिषेक को तुरंत उपचार के लिए शुजालपुर अस्पताल भेजा. हालत गंभीर होने के कारण उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए भोपाल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान अभिषेक की मृत्यु हो गई.
