
देवास। जिला मुख्यालय से करीब 11 किमी दूरी पर स्थित शिप्रा गांव में पिछले कई वर्षों से ग्रामीण बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान हो रहे हैं। यहां का मुख्य मार्ग गड्ढों में तब्दील हो चुका है। इस जर्जर मार्ग पर बारिश के दिनों में पानी भरा रहता है और गर्मी के मौसम में धूल उड़ती है। रोड निर्माण के लिए ग्रामीण लंबे समय से मांग करते आ रहे हैं, लेकिन उनकी समस्या अब तक अनसुनी है। हैरानी की बात यह है कि सड़क निर्माण के लिए टेंडर भी हो चुका है, लेकिन अब तक काम शुरू नहीं हुआ।
यह शिप्रा ग्राम पंचायत के अंतर्गत आता है। इसी मार्ग से होते हुए शिप्रा नदी तक पहुंच सकते हैं। त्योहारों पर देवास सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों से श्रद्धालुओं का यहां पूजन, दीपदान, स्नान आदि के लिए आगमन होता हैै। राहगीर इसी उखड़े हुए मार्ग से होकर शिप्रा नदी के घाट तक पहुंचते हैं। इन दिनों इस मार्ग पर गिट्टी बाहर आ रही है। धूल उड़ रही है। ऐसे में वाहन चालकों को भी परेशानी हो रही है।
जनप्रतिनिधि नहीं सुनते-
सुकल्या निवासी संतोष मालवीय ने बताया कि हम इसी जर्जर सड़क से गुजरते हैं। पिछले तीन सालों से परेशान हैं। जनप्रतिनिधि भी सुनते नहीं। हमें जनप्रतिनिधि कहते हैं कि हम क्या करें, हमने तो अधिकारियों को इसकी जानकारी दे दी है। जबकि यह गांव जाने का मुख्य मार्ग है।
गड्ढों से बचे या सामने से आते वाहन से-
शिप्रा निवासी राजेश परमार ने बताया कि यहां गड्ढे हो रहे हैं, जिससे वाहन चालक फिसलकर गिरते हैं। गड्ढे से बचने के चक्कर में एक्सीडेंट भी हो रहे हैं। यह रोड स्वीकृत हो चुका है, लेकिन बनाने का काम शुरू नहीं हुआ है। बारिश में बहुत ही दिक्कत आती है।
ब्लॉक कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष धर्मेंद्र जायसवाल ने बताया कि पिछले दो-ढाई सालों से इस सड़क की हालत और खराब हो चुकी है। पूर्व में विधायक और प्रशासन से भी मांग कर चुके हैं कि सड़क की मरम्मत की जाए या नए सिरे से निर्माण कराएं। इसका जून माह में ही टेंडर हो चुका है। बारिश के महीने बीत चुके हैं, लेकिन इसका काम अभी तक शुरू नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि यहां पर मां शिप्रा नदी बहती है। नदी के लिए सुंदर व बड़े घाट हैं। हजारों श्रद्धालु स्नान करने आते हैं। हमें शर्मिंदगी महसूस होती है कि यहां पर सड़क के हाल जर्जर है।
वाहनों की टूट रही कमानी, जेब पर भी पड़ रहा भार-
वाहन चालक नौशाद अली ने बताया कि यह रोड लंबे समय से इसी प्रकार की है। जर्जर रोड के कारण बार-बार वाहन में खराबी आती है। कमानी के पत्ते टूट जाते हैं। वाहनों को सुधारने में पैसा भी खर्च होता है। हमारी तो मजबूरी है, यहीं से निकलना है तो ये सब झेलना पड़ेगा।
सामाजिक कार्यकर्ता राजेश बराना ने बताया कि मां शिप्रा नदी में देवास से भी प्रति अमावस्या व पूर्णिमा पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु स्नान के लिए आते हैं। कार्तिक माह में भी दीपदान का विशेष महत्व है। लोगाें को इसी जर्जर सड़क से गुजरना पड़ रहा है। कई बार वाहनों के गुजरने के दौरान गिट्टियां भी उछलकर दूर-दूर तक उड़ती है।
वर्जन- 3 करोड़ 41 लाख की लागत से बनेगा फोरलेन-
इस संबंध में शिप्रा के सरपंच विश्वास उपाध्याय का कहना है कि सड़क के टेंडर हो चुके हैं। इसका निर्माण करीब 3 करोड़ 41 लाख की लागत से किया जाएगा। यह फोर लेन बनेगा, इसके बीच में डिवाइडर होंगे, लाइटिंग होगी। एजेंसी ने अभी तक वर्क आर्डर नहीं लिया है। इसके वर्क आर्डर लेने की अंतिम तारीख 17 नवंबर है। इसके बाद टेंडर निरस्त कर नए सिरे से प्रक्रिया की जाएगी। हमारा भी प्रयास है कि राहगीरों को राहत मिले और इस सड़क का निर्माण जल्द हो सकें।
