इंदौर: पश्चिम रेलवे का रतलाम मंडल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और मानव संसाधनों के प्रभावी उपयोग के लिए बड़ा कदम उठाने जा रहा है. मंडल ने अपने 9 प्रमुख रेलवे स्टेशनों के 10 पूछताछ काउंटरों का संचालन आउटसोर्स करने का निर्णय लिया है. इसके साथ ही रतलाम मंडल ऐसी व्यवस्था लागू करने वाला पश्चिम रेलवे का पहला मंडल बन जाएगा.
20 जुलाई 2026 से इंदौर, रतलाम, उज्जैन, दाहोद, नीमच, चित्तौड़गढ़, देवास, नागदा और डॉ. अंबेडकर नगर स्टेशन पर पूछताछ केंद्रों का संचालन हैदराबाद की मेगा कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा 24 घंटे किया जाएगा. रेलवे ने निविदा प्रक्रिया पूरी कर एजेंसी का चयन कर लिया है. वर्तमान में इन केंद्रों पर टिकट चेकिंग और रिजर्वेशन कैडर के 37 कर्मचारी कार्यरत हैं. पूछताछ काउंटरों के आउटसोर्स होने के बाद इन्हें टिकट जांच और अन्य मूल दायित्वों में लगाया जाएगा, जिससे ट्रेनों में टिकट जांच व्यवस्था मजबूत होगी और राजस्व बढ़ने की संभावना है.
रेलवे अधिकारी मुकेश कुमार के अनुसार एजेंसी करीब 40 प्रशिक्षित कर्मचारियों की तैनाती करेगी. ये कर्मचारी यात्रियों को ट्रेन संबंधी जानकारी, कोच गाइडेंस, इंडिकेटर संचालन, घोषणाएं, वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग यात्रियों की सहायता सहित अन्य सेवाएं उपलब्ध कराएंगे. साथ ही स्टेशन फुटफॉल और ट्रेनों के संचालन संबंधी आंकड़ों का संकलन भी करेंगे. मंडल रेल प्रबंधक अश्वनी कुमार के मार्गदर्शन में तैयार इस योजना को फिलहाल एक वर्ष के लिए लागू किया जा रहा है. इसके परिणामों के आधार पर भविष्य में व्यवस्था को आगे बढ़ाने पर निर्णय लिया जाएगा.
