वीकेंड पर सड़क मरम्मत का कार्य बना जाम की वजह

सोनकच्छ। इंदौर-भोपाल हाईवे पर एमपीआरडीसी की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई। वीकेंड के दिन जब बड़ी संख्या में लोग अपने परिवार के साथ यात्रा करते हैं, ऐसे समय हाईवे पर सड़क निर्माण का कार्य जारी रहने से करीब 7 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। जाम में फंसे वाहन चालक और यात्री घंटों परेशान होते रहे।

जानकारी के अनुसार हाईवे पर सड़क निर्माण कार्य के चलते यातायात प्रभावित हुआ। निर्माण कार्य के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने से वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इसमें कार, बस, ट्रक सहित अन्य वाहन फंस गए। यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में काफी देरी हुई। वीकेंड (रविवार) के चलते हाईवे पर वाहनों का दबाव अधिक रहता है। ऐसे में एमपीआरडीसी द्वारा निर्माण कार्य के लिए उचित समय और यातायात प्रबंधन की व्यवस्था नहीं किए जाने को लेकर यात्रियों में नाराजगी देखी गई। लोगों का सवाल है कि जब वीकेंड पर हाईवे पर यातायात का दबाव अधिक रहता है, तो ऐसे समय निर्माण कार्य कराने से पहले वैकल्पिक यातायात व्यवस्था क्यों नहीं की गई?

हाईवे से प्रतिदिन हजारों वाहन गुजरते हैं। ऐसे में निर्माण कार्य के दौरान यातायात को व्यवस्थित रखना संबंधित एजेंसी की जिम्मेदारी है। यात्रियों ने मांग की है कि एमपीआरडीसी के जिम्मेदार अधिकारी मामले को गंभीरता से लें और भविष्य में निर्माण कार्य के दौरान ऐसी व्यवस्था करें, जिससे आम लोगों को घंटों जाम में न फंसना पड़े। सवाल यह है कि हाईवे पर निर्माण कार्य तो तेजी से कराया जा रहा है, लेकिन यात्रियों की सुविधा और यातायात प्रबंधन की जिम्मेदारी कौन निभाएगा?

मामले को लेकर भौंरासा टोल टैक्स के प्रबंधक मुकेश नरानिया से संपर्क किया तो उन्होंने कहा कि, लोग जल्दबाजी में एक लेन में जबरदस्ती घुस रहे हैं, जिसकी वजह से जाम हुआ।

Next Post

डिजिटल सेवा प्रदाता कंपनी 'बेगेट' पर बड़ा साइबर हमला, प्रमुख सेवाएं प्रभावित

Sun Nov 15 , 2026
मास्को, 15 नवंबर (वार्ता) डिजिटल सेवा प्रदाता कंपनी ‘बेगेट’ ने रविवार को बताया कि उसके बुनियादी ढांचे पर 850 जीबीपीएस तक की क्षमता वाला एक बड़ा ‘डिस्ट्रीब्यूटेड डिनायल-ऑफ-सर्विस’ साइबर हमला हुआ है। रूसी मीडिया रियो नोवोस्ती के अनुसार कंपनी ने अपने आधिकारिक टेलीग्राम चैनल पर जारी बयान में कहा, “हमारा […]

You May Like