

देहरादून में सड़क दुर्घटना पीड़ितों के विश्व स्मृति दिवस के अवसर पर सड़क सुरक्षा और दुर्घटना रोकथाम को लेकर एक वेबिनार आयोजित किया गया। इसका आयोजन संजय ऑर्थोपीडिक, स्पाइन एंड मैटरनिटी सेंटर और सेवा सोसाइटी ने संयुक्त रूप से किया। इसमें विशेषज्ञों ने सड़क दुर्घटनाओं के कारण, प्राथमिक उपचार और पीड़ितों के पुनर्वास पर अपने विचार रखे।
वेबिनार में पद्मश्री सम्मानित और एम्स गुवाहाटी के अध्यक्ष प्रोफेसर डॉ. बीकेएस संजय ने कहा कि दुर्घटनाओं के बाद इलाज पर खर्च होने वाले समय, पैसे और संसाधनों को रोकथाम के लिए इस्तेमाल करना चाहिए। उन्होंने काजीरंगा की हालिया सड़क त्रासदी का जिक्र करते हुए तेज रफ्तार, ओवरलोडिंग और वाहन चालकों की थकान को दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बताया। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा सरकार के साथ-साथ हर नागरिक की जिम्मेदारी है।
वहीं, एम्स ऋषिकेश के डॉ. भास्कर सरकार ने यातायात नियमों का पालन करने और दुर्घटना के बाद प्राथमिक उपचार की जानकारी रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जागरूकता और सावधानी से ज्यादातर सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है।
उत्तराखंड ऑर्थोपीडिक एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष डॉ. गौरव संजय ने सड़क दुर्घटना में अपने मित्र को खोने का अनुभव साझा किया। उन्होंने बताया कि किसी दुर्घटना का असर सिर्फ पीड़ित पर नहीं, बल्कि पूरे परिवार पर पड़ता है।
मैक्स हॉस्पिटल के डॉ. हिमांशु कोचर ने वाहन चालकों की थकान को गंभीर जोखिम बताते हुए पर्याप्त आराम करने की सलाह दी। वहीं, डॉ. प्रवीण मित्तल ने दुर्घटना पीड़ितों के शारीरिक और व्यावसायिक पुनर्वास को जरूरी बताया।
इसके अलावा डॉ. राकेश डंगवाल ने बच्चों में बचपन से सड़क सुरक्षा की आदत विकसित करने की बात कही। सुभारती हॉस्पिटल के डॉ. रुचित खेरा ने दुर्घटना के बाद दिव्यांगता और आजीविका के नुकसान को रोकने पर जोर दिया। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों को हाथों की सुरक्षा के लिए दस्ताने पहनने की सलाह भी दी।
वेबिनार में विशेषज्ञों ने एकमत होकर कहा कि सड़क सुरक्षा सिर्फ यातायात नियमों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह लोगों की जिंदगी और उनके परिवारों की सुरक्षा से जुड़ा विषय है। थोड़ी सी सावधानी और जागरूकता से कई परिवारों को बड़े दुख से बचाया जा सकता है।
