तेहरान, 15 नवंबर (वार्ता) ईरान की सेना रिवोल्यूशनरी गार्ड ने रविवार को दावा किया कि उसने पिछले सप्ताह दक्षिणी सिरिक में एक संचार सुविधा पर हुए अमेरिकी हमले के प्रतिशोध में बहरीन स्थित एक अमेरिकी रडार प्रणाली को छह ड्रोन के जरिए निशाना बनाया है। बहरीन ने इस ताजा हमले की कड़ी निंदा करते हुए इसे ‘ईरानी आक्रामकता की फिर से शुरुआत’ करार दिया है।
बहरीन ने रविवार को अपने देश पर जारी ईरानी हमलों की कड़ी निंदा करते हुए इन्हें अपनी संप्रभुता का उल्लंघन और क्षेत्रीय सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बताया है। उधर, ईरान ने स्पष्ट किया है कि वह किसी भी हमले का जवाब देना जारी रखेगा।
बहरीन के विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि देश की वायु रक्षा प्रणाली ने रविवार को कई ड्रोन और शुक्रवार को दो अन्य ड्रोन को हवा में ही रोककर नष्ट कर दिया। मंत्रालय ने कहा कि ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड ने इन हमलों की स्पष्ट रूप से जिम्मेदारी ली है। बयान में कहा गया है, “ये हमले बहरीन की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के खिलाफ एक खुला आक्रमण हैं।”
मंत्रालय ने इन्हें संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव 2817 का “घोर उल्लंघन” भी करार दिया, जिसमें बहरीन और पड़ोसी देशों पर ईरानी हमलों की निंदा करते हुए इन्हें तुरंत रोकने की मांग की गई थी।
बहरीन ने कहा कि इन हमलों से नागरिकों की सुरक्षा को निशाना बनाया गया है और तनाव कम करने के प्रयासों को कमजोर किया गया है। ईरान के तर्कों को खारिज करते हुए बहरीन ने कहा कि किसी अन्य देश की संप्रभुता या क्षेत्रीय अखंडता के उल्लंघन को किसी भी बहाने से उचित नहीं ठहराया जा सकता। बहरीन ने इन हमलों और इनके परिणामों के लिए ईरान को पूरी तरह जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि वह संयुक्त राष्ट्र चार्टर के अनुच्छेद 51 के तहत व्यक्तिगत और सामूहिक आत्मरक्षा का अधिकार सुरक्षित रखता है। मंत्रालय ने सुरक्षा परिषद से इन हमलों की निंदा करने और यह सुनिश्चित करने के लिए कड़े कदम उठाने का आग्रह किया कि ईरान प्रस्ताव का पालन करे।
इस बीच, बहरीन पर हुए हमलों की रिपोर्टों से जुड़े एक सवाल के जवाब में ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने रविवार को कहा कि ईरान हमलों का जवाब देना जारी रखेगा। श्री बघाई ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा, “हमने पहले भी कहा है कि हम किसी भी हमले को बिना जवाब दिए नहीं छोड़ेंगे और हम आगे भी इसी नीति पर कायम रहेंगे।”
उन्होंने कहा कि ईरान के साथ युद्ध को लेकर अमेरिकी अधिकारियों के बीच कोई सार्थक मतभेद नहीं है और निर्णय वाशिंगटन में नहीं, बल्कि “कहीं और” लिए जाते हैं। श्री बघाई ने यह भी स्पष्ट किया कि ईरान अपने परमाणु कार्यक्रम के संबंध में कोई भी प्रतिबद्धता स्वीकार नहीं करेगा और वह वर्तमान में ऐसा करने की स्थिति में नहीं है।

