
रीवा, लोक आस्था और सूर्योपासना के महापर्व छठ पर रविवार को बाबा घाट स्थित बीहर नदी के तट पर आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर व्रती महिलाओं ने विधि-विधान एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ छठ मैया की पूजा-अर्चना की। इस दौरान घाट पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। भक्ति, श्रद्धा और लोक परंपरा से सराबोर वातावरण में छठी मैया के जयकारे गूंजते रहे।
श्रद्धालुओं की सुविधा एवं मनोरंजन को ध्यान में रखते हुए हिन्दू उत्सव समिति धर्म परिवार की ओर से विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। समिति द्वारा दो मंकी जोकर की प्रस्तुति रखी गई, जिन्होंने अपने नृत्य कौशल और मनोरंजक अंदाज से बच्चों एवं श्रद्धालुओं का ध्यान आकर्षित किया और घाट पर आकर्षण का केंद्र बने रहे।
पूरे आयोजन में हिन्दू उत्सव समिति धर्म परिवार के अध्यक्ष गुरमीत सिंह मंगू भैय्या के मार्गदर्शन में भोजपुरी सांस्कृतिक मंच के अध्यक्ष नंदजी तिवारी, अजय उपाध्याय, प्रकाश तोमर सहित समिति के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने श्रद्धालुओं की व्यवस्था और सहयोग में सक्रिय भूमिका निभाई।
इस अवसर पर विश्व हिन्दू परिषद के विभाग मंत्री विश्वनाथ सिंह (बाबा), श्रमजीवी पत्रकार संघ के जिला अध्यक्ष अखिलेश त्रिपाठी, वरिष्ठ संविदाकार सतीश पांडेय, त्रिवेणी जायसवाल, एडवोकेट विनोद सिंह सहित अनेक सामाजिक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने श्रद्धालुओं की सेवा और व्यवस्थाओं में सहयोग किया।
वहीं, घाट पर शांति, सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात रहे। सामूहिक सहयोग और श्रद्धालुओं की अटूट आस्था के बीच बाबा घाट पर छठ महापर्व का आयोजन धार्मिक उल्लास एवं सामाजिक समरसता का संदेश देता नजर आया।
