नई दिल्ली। दिल्ली के भारत मंडपम में चल रहे 45वें इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर (IITF) 2026 में भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) ने निवेशकों को जागरूक करने के लिए विशेष पवेलियन तैयार किया है। ‘भारत का शेयर बाजार’ नाम से बनाए गए इस पवेलियन में लोगों को शेयर बाजार की कार्यप्रणाली, निवेश के विकल्पों और धोखाधड़ी से बचने के तरीकों की जानकारी दी जा रही है।
14 नवंबर को SEBI के चेयरमैन तुहिन कांता पांडे ने पवेलियन का उद्घाटन किया। 14 से 27 नवंबर तक चलने वाले इस मेले में इसे हॉल नंबर-4 में स्थापित किया गया है। यहां भारतीय प्रतिभूति बाजार के लगभग 150 वर्षों के सफर को आधुनिक शेयर बाजार की तकनीक और व्यवस्थाओं के साथ प्रदर्शित किया गया है।
*AI तकनीक से समझाया जा रहा निवेश का तरीका*
पवेलियन में AI जोन और इन्वेस्टर फैसिलिटेशन कैंप प्रमुख आकर्षण हैं। यहां मेले में पहुंचने वाले लोग विशेषज्ञों से सीधे बातचीत कर सकते हैं और निवेश से जुड़े सवालों के जवाब पा सकते हैं। लोगों की भागीदारी बढ़ाने के लिए क्विज और विभिन्न गतिविधियां भी आयोजित की जा रही हैं।
*फर्जी निवेश योजनाओं को लेकर किया जा रहा जागरूक*
SEBI की ओर से निवेशकों को सोशल मीडिया और मैसेजिंग प्लेटफॉर्म पर प्रसारित होने वाली फर्जी निवेश योजनाओं, गैर-पंजीकृत संस्थाओं और अवैध तरीके से पैसा जुटाने वाले नेटवर्क से सावधान रहने की सलाह दी जा रही है। इसके तहत ‘चेक, वैलिडेट एंड वेरिफाई’ का संदेश दिया जा रहा है, ताकि लोग निवेश से पहले संबंधित संस्था और योजना की विश्वसनीयता की जांच करें।
इस पहल में NSE, BSE, MCX, MSEI, NCDEX, CDSL, NSDL समेत कई वित्तीय संस्थान भी सहभागी हैं। SEBI का लक्ष्य छात्रों, पहली बार निवेश करने वालों और वरिष्ठ नागरिकों तक वित्तीय जागरूकता पहुंचाना है, ताकि वे जानकारी और समझ के आधार पर निवेश संबंधी फैसले ले सकें।
