केंद्रीय जेल से मिली नई जिंदगी: अच्छे आचरण पर 3 आजीवन कारावास के बंदी रिहा

जबलपुर। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर शनिवार को केंद्रीय जेल, जबलपुर के दरवाजे तीन बंदियों के लिए हमेशा के लिए खुल गए। आजीवन कारावास की सजा काट रहे इन तीनों बंदियों को राज्य शासन की विशेष परिहार नीति के तहत समय से पहले रिहाई का तोहफा मिला है।
केंद्रीय जेल के उप अधीक्षक मदन कमलेश ने जानकारी देते हुए बताया कि मध्यप्रदेश शासन और जेल मुख्यालय के निर्देशानुसार इन बंदियों को रिहा किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह लाभ केवल उन्हीं पात्र बंदियों को दिया गया है, जिन्होंने जेल में रहते हुए अनुशासन और अच्छे आचरण का परिचय दिया तथा अपनी निर्धारित सजा अवधि पूरी कर ली थी। इस कदम का मुख्य उद्देश्य सुधारात्मक कदमों के जरिए बंदियों को समाज की मुख्यधारा से दोबारा जोड़ना है। रिहाई के इस भावुक अवसर पर जेल प्रशासन ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए तीनों बंदियों को जेल में किए गए श्रम की पारिश्रमिक राशि के चेक भेंट किए, ताकि वे बाहर जाकर सम्मानजनक तरीके से अपने नए जीवन की शुरुआत कर सकें।

अपराध से दूर रहने की दिलाई शपथ
जेल की चारदीवारी से बाहर कदम रखने से पहले जेल अधिकारियों ने तीनों बंदियों को एक जिम्मेदार नागरिक की तरह जीवन यापन करने की समझाइश दी। इस दौरान रिहा हुए बंदियों ने भी समाज में शांतिपूर्ण ढंग से रहने और भविष्य में किसी भी प्रकार के अपराध से दूर रहने की शपथ ली।

Next Post

गूजरी महल में सांस्कृतिक धरोहरों की अवैध तस्करी पर प्रदर्शनी

Sun Nov 15 , 2026
ग्वालियर। सांस्कृतिक एवं पुरातात्विक धरोहरों की चोरी और अवैध तस्करी के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शनिवार को गूजरी महल संग्रहालय में छायाचित्र प्रदर्शनी आयोजित की गई। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के सहयोग से आयोजित प्रदर्शनी का विषय ‘सांस्कृतिक संपदा की अवैध तस्करी के विरुद्ध’ रखा गया है। यह […]

You May Like