
खातेगांव। जिले के नेमावर में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। इस हादसे में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार युवक नर्मदा के ब्रिज के पास खड़ा होकर नजारा देख रहा था। इसी दौरान किसी वाहन द्वारा उसे टक्कर मार दी गई। टक्कर लगने के बाद युवक ब्रिज से लगभग 100 फीट की ऊंचाई से नीचे गिर गया। गिरने से उसकी घटना स्थल पर ही जान चली गई। घटना स्थल पर मौजूद लोगों द्वारा पुलिस को सूचना दी गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर शासकीय अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जब पुलिस मृत युवक पूनम पिता गेंदलाल का शव लेकर जा रही थी, इसी दौरान सड़क पर एक महिला परिजन का रो रोकर बुरा हाल हो रहा था। परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, मृत युवक अपने किसी रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए नेमावर आया हुआ था। बताया जा रहा है कि वह नर्मदा ब्रिज पर खड़े होकर नीचे का नजारा देख रहा था। उसी दौरान अचानक वहां दो पहिया वाहन ने आकर उसे टक्कर मार दी जिससे वह अनियंत्रित होकर ब्रिज से नीचे जा गिरा और उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही नेमावर पुलिस का बल तुरंत मौके पर पहुंचा। फिलहाल पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ।
