
देवास। बेटी के लिए नया स्वेटर खरीदने की छोटी-सी खुशी लेकर घर से निकला परिवार दुर्घटना का शिकार हो गया।शनिवार दोपहर मक्सी बायपास चौराहे के समीप एक तेज रफ्तार ट्रक ने ई-स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार ज्योति वर्मा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति अखिलेश वर्मा और 14 वर्षीय बेटी नंदनी घायल हो गए। जिला अस्पताल में जब मां का शव पहुंचा तो नंदनी खुद को संभाल नहीं सकी। मां को खोने के सदमे में वह बिलखती रही और परिजन उसे ढांढस बंधाते रहे।
जानकारी के अनुसार छोटा मालसापुरा निवासी अखिलेश वर्मा शनिवार को अपनी पत्नी ज्योति और बेटी नंदनी के साथ ई-स्कूटी से देवास आ रहे थे। परिवार बेटी के लिए स्वेटर खरीदने निकला था। दोपहर करीब 12:30 बजे जैसे ही वे मक्सी बायपास चौराहे के समीप पहुंचे, तभी एक ट्रक ने उनकी ई-स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर गिर पड़े। हादसे में ज्योति को गंभीर चोटें आईं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
पिता के पैर में फ्रैक्चर, बेटी को भी आई चोटें-
हादसे में अखिलेश वर्मा के पैर में फ्रैक्चर हुआ है, जबकि बेटी नंदनी को भी चोटें आई हैं। सूचना मिलने पर डायल 112 की मदद से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में मां की मौत की खबर और शव सामने आने के बाद नंदनी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। उसे संभालने के लिए परिजन लगातार प्रयास करते रहे। घटना की जानकारी मिलने पर वार्ड क्रमांक 3 के पार्षद प्रतिनिधि राज वर्मा भी मौके पर पहुंचे। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। एक तरफ अस्पताल में घायल पिता और बेटी का उपचार चल रहा था, वहीं दूसरी ओर परिवार के लिए यह हादसा ऐसा गहरा जख्म छोड़ गया, जिसकी भरपाई कभी नहीं हो सकती।
