हल्द्वानी दुष्कर्म मामले में उत्तराखंड भवन के बाहर धरना देगा एनएसयूआई

नयी दिल्ली, 14 नवंबर (वार्ता) कांग्रेस से सम्बद्ध भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) ने उत्तराखंड के हल्द्वानी में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म मामले में निष्पक्ष जांच, पीड़िता को न्याय और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर यहां उत्तराखंड भवन के बाहर धरना-प्रदर्शन करने की घोषणा की है। एनएसयूआई मीडिया विभाग के प्रमुख रवि हनुमान पांडेय ने शनिवार को बताया कि मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें एमबीपीजी कॉलेज छात्रसंघ चुनाव में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की ओर से अध्यक्ष पद का प्रत्याशी धीरज बिष्ट भी शामिल है। संगठन ने आरोप लगाया है कि भाजपा की उत्तराखंड सरकार मामले को दबाने का प्रयास कर सकती है लेकिन एनएसयूआई ऐसा नहीं होने देगी।

एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने कहा है कि पीड़िता और उसके परिवार को सुरक्षा तथा कानूनी सहायता उपलब्ध करायी जानी चाहिए और बिना किसी राजनीतिक हस्तक्षेप के मामले की समयबद्ध जांच होनी चाहिए। उन्होंने ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ के नारे का उल्लेख करते हुए महिला सुरक्षा और राजनीतिक जवाबदेही पर भी सवाल उठाये। एनएसयूआई ने एबीवीपी से गिरफ्तार प्रत्याशी के संबंध में सार्वजनिक रूप से अपना पक्ष स्पष्ट करने और संगठनात्मक कार्रवाई की जानकारी देने की मांग की है। संगठन ने कहा कि जब तक पीड़िता को न्याय और दोषियों की जवाबदेही सुनिश्चित नहीं होती, उसका आंदोलन जारी रहेगा।

.....

Next Post

बरही अग्निकांड: वरिष्ठ कांग्रेसी नेता अजय सिंह 'राहुल' पहुंचे बरही, पीड़ित परिवार से मिलकर जताई गहरी संवेदना

Sat Nov 14 , 2026
कटनी। जिले के बरही नगर में दीपावली की रात हुए भीषण अग्निकांड में एक ही परिवार के छह सदस्यों की दर्दनाक मौत के मामले में राजनीतिक और सामाजिक मुलाकातें लगातार जारी हैं। इसी क्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री अजय सिंह ‘राहुल भैया’ बरही पहुँचे और उन्होंने […]

You May Like