ढाका, (वार्ता) बंगलादेश की कानून लागू करने वाली एजेंसियों की ओर से निगरानी बढ़ाए जाने के बाद राजधानी ढाका, विशेषकर उत्तरा क्षेत्र में वीडियो बनाने और लाइवस्ट्रीमिंग करने वाले 150 से अधिक चीनी नागरिकों ने अपनी गतिविधियां रहस्यमय ढंग से रोक दी हैं।
आरोप है कि इनमें से कुछ चीनी व्लॉगर्स ढाका के विभिन्न हिस्सों को दिल्ली के रूप में पेश कर रहे थे और स्थानीय निवासियों के रहन-सहन को लेकर अपमानजनक टिप्पणियां कर रहे थे।
बंगलादेशी दैनिक ‘प्रथम आलो’ की रिपोर्ट के अनुसार, स्थानीय निवासियों ने बताया कि ये चीनी नागरिक महीनों से सड़कों, आवासीय इमारतों, बाजारों और संकरी गलियों में सुबह से रात तक शूटिंग कर रहे थे। सेक्टर-12 और टेकपारा में उनकी गतिविधियां अधिक देखी गईं, जहां कुछ लोग निजी घरों में घुसकर लाइव रिपोर्टिंग जैसी शैली में वीडियो बना रहे थे और उन्हें चीनी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित कर रहे थे। हालांकि, इस संबंध में मीडिया में रिपोर्टों के आने के बाद सात नवंबर से उनकी गतिविधियां पूरी तरह बंद हो गई हैं।
उत्तरा पश्चिम पुलिस थाने के प्रभारी अधिकारी मोहम्मद खालिद मंसूर ने बताया कि पुलिस और खुफिया एजेंसियों ने निगरानी तेज करते हुए कई चीनी नागरिकों के पासपोर्ट और वीजा की जांच की है तथा पर्यटक वीजा पर रिहायशी इलाकों में शूटिंग करने को लेकर उनसे पूछताछ की है। उन्हें वैध प्रवास अवधि समाप्त होने के बाद देश छोड़ने की सलाह भी दी गई है।
इस मामले पर भारत ने भी कड़ी कूटनीतिक प्रतिक्रिया व्यक्त की है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने मंगलवार को साप्ताहिक प्रेस वार्ता में ढाका के दृश्यों को दिल्ली का बताकर भारत की छवि खराब करने के प्रयासों को ‘दुर्भाग्यपूर्ण’ करार दिया।
उन्होंने कहा कि झूठे विमर्श गढ़ने से इसमें शामिल तत्वों और इसके पीछे छिपे लोगों की विश्वसनीयता ही कम होती है। भारत ने संबंधित अधिकारियों से ऐसे तत्वों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने का आग्रह किया है।
इस पूरे विवाद पर बंगलादेश स्थित चीनी दूतावास की ओर से अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
