बीजिंग, (वार्ता) चीन ने अमेरिका को सेमीकंडक्टर (चिप) के निर्यात पर अतिरिक्त प्रतिबंध लगाने के खिलाफ कड़ी चेतावनी दी है। हाल ही में एनवीडिया से जुड़े एक विवाद और उसके बाद पूर्व सीईओ जेनसेन हुआंग के इस्तीफे के बाद अमेरिका में तकनीकी निर्यात पर कड़े नियंत्रण की मांग उठ रही है।
चीनी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता माओ निंग ने शुक्रवार को कहा कि चीन वैश्विक औद्योगिक और आपूर्ति शृंखला की स्थिरता को बाधित करने वाले निर्यात नियंत्रण उपायों के दुरुपयोग का लगातार विरोध करता है। उन्होंने कहा कि चीन और अमेरिका को दोनों देशों के राष्ट्राध्यक्षों के बीच बनी महत्वपूर्ण सहमति को लागू करने तथा द्विपक्षीय आर्थिक एवं व्यापारिक संबंधों को स्थिर बनाए रखने के लिए मिलकर काम करना चाहिए।
यह विवाद एनवीडिया के सह-संस्थापक जेनसेन हुआंग के इस्तीफे के बाद सामने आया है। अमेरिकी मीडिया रिपोर्टों में दावा किया गया है कि वाणिज्य विभाग इस बात की चिंता पर कार्रवाई करने में विफल रहा कि सिंगापुर स्थित डेटा सेंटर कंपनी ‘मेगास्पीड’ प्रतिबंधित एनवीडिया तकनीक को चीन तक पहुंचाने में मदद कर रही थी। इन आरोपों के बाद अमेरिकी सांसदों ने कड़े निर्यात नियंत्रण की मांग की है।
हाउस स्पीकर माइक जॉनसन ने चीन को सेमीकंडक्टर निर्यात सीमित करने का समर्थन करते हुए कहा है कि इस मुद्दे पर कांग्रेस में आम सहमति बन रही है। अमेरिकी खुफिया अधिकारियों के ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया है कि सिंगापुर में काम करने वाली एलिस हुआंग चीन के राज्य सुरक्षा मंत्रालय की गुप्त एजेंट थीं।”
चीन ने इन आरोपों को खारिज करते हुए इन्हें कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के क्षेत्र में चीन को आगे बढ़ने से रोकने के लिए तकनीकी नाकेबंदी का बहाना बताया है। यह विवाद ऐसे समय में सामने आया है, जब अगले सप्ताह दक्षिण चीन के शेन्जेन में एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (एपीईसी) सम्मेलन के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच संभावित बैठक होनी है।
