इंदौर: शहर में चारों तरफ अधूरे पड़े सड़क निर्माण कार्यों के लिए खुद विधायक भी जिम्मेदार हैं, जो नगर निगम का काम रोककर बैठे हैं। जंजीरवाला चौराहा से अटल द्वार तक बन रही 1.31 किलोमीटर लंबी सड़क का काम पिछले दो महीने से पूरी तरह बंद पड़ा है। इस सड़क की राह में आ रहे अतिक्रमण को हटाने के बजाय क्षेत्रीय विधायक महेंद्र हार्डिया ने सीधा प्रस्ताव रख दिया है कि कब्जे न हटाए जाएं, बल्कि सड़क की चौड़ाई ही 10 फीट कम कर दी जाए। विधायक की इसी जिद और दबाव के चलते नगर निगम ने 12.50 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली इस सड़क का काम रोक दिया है, जिससे आम जनता धूल और गड्ढों से जूझ रही है।
शहर में जंजीर वाला चौराहे, वीर सावरकर प्रतिमा से अटल गेट तक निर्माणाधीन मास्टर प्लान सड़क का काम बंद पड़ा है. इसका कारण यह है कि मास्टर प्लान में उक्त सड़क की चौड़ी 18 मीटर यानि 60 फुट है. उक्त मास्टर प्लान की निर्माणाधीन सड़क की चौड़ाई में बस्ती के 50 से ज्यादा मकानों का अतिक्रमण है. अतिक्रमण हटाए बिना सड़क की 60 फीट चौड़ी सड़क नहीं बन सकती है. बताया जाता है कि नगर निगम ने सड़क में बाधक बस्ती के मकानों को हटाने के निशान लगाकर नोटिस दिए थे, लेकिन क्षेत्रीय विधायक महेंद्र हार्डिया ने आपत्ति ले ली और सड़क का काम रुकवा दिया. उक्त सड़क 1.31 किलोमीटर लंबी और 60 फीट चौड़ी बनाई जाना है. सड़क की निर्माण लागत 12.50 करोड़ रुपए से ज्यादा बताई जा रही है. विधायक हार्डिया ने निगम से सड़क का काम रुकवा कर शासन को 10 फीट चौड़ाई कम करने का पत्र लिख दिया. इसके बाद से सड़क का काम बंद पड़ा है. उक्त सड़क का निर्माण हाईवे इंफ्रास्ट्रख्र द्वारा किया जा रहा है.
आपत्ति के आगे सब बेबस
फिलहाल सड़क का 3 सौ मीटर का टुकड़ा ही बना है. इसके बाद लक्ष्मी मेमोरियल हॉस्पिटल के आगे धूल उड़ रही है. लक्ष्मी मेमोरियल हॉस्पिटल तक भी रास्ता खुदा पड़ा है. विधायक हार्डिया की आपत्ति के आगे नगर निगम अधिकारी, महापौर और पार्षद सब बेबस है. स्थित यह है कि जो सड़क 75 प्रतिशत बन जाना चाहिए थी, उसका 3 सौ मीटर का टुकड़ा भी नहीं बन पाया है, वह भी अधूरा पड़ा है. निगम अधिकारी भी विधायक के आगे असहाय होकर बैठे हैं. मतलब साफ है कि कोई निर्णय नहीं हो रहा है और अधूरी सड़क की धूल आम जनता खा रही है.
चौड़ाई कम करने लिखा खतः हार्डिया
इस बारे में विधायक महेंद्र हार्डिया ने कहा कि सड़क का काम चौड़ाई के कारण रुका हुआ है. अतिक्रमण होने से सड़क की चौड़ाई 10 फीट कम करने का निगम और शासन को पत्र लिखा है. चौड़ाई कम करने की मंजूरी मिलते ही काम फिर शुरू हो जाएगा.
पिछले महीने महापौर ने की थी समीक्षा
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने पिछले महीने ही निर्माणाधीन सड़क में बाधक अतिक्रमण एवं अन्य निर्माणों को जारी नोटिसों की समीक्षा की. अधिकारियों से कहा था कि सड़क निर्माण में किसी भी प्रकार की बाधा न आए, इसके लिए समयबद्ध कार्रवाई की योजना बना लें. मगर सड़क निर्माण में बाधक कौन हटाएगा ? महापौर को भी स्पष्ट नहीं है।
शासन की मंजूरी के बाद शुरू होगा काम
जनकार्य प्रभारी राजेन्द्र राठौर ने कहा कि सड़क निर्माण विधायक महेन्द्र हार्डिया के कारण रूका हुआ है. उन्होंने सड़क की चौड़ाई कम करने को लेकर शासन को पत्र लिखा है. शासन से मंजूरी आते ही काम शुरू हो जाएगा
