हटा/दमोह: सोमवार सुबह सनातन संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपदेश राणा दमोह पहुंचे, जहां भव्य स्वागत हुआ. दोपहर में उनका काफिला हटा पहुंचा और जगह-जगह स्वागत उपरांत मां चंडी मंदिर में पूजा-अर्चना की. इसके बाद अंधियारा बगीचा में आयोजित कार्यक्रम में बुंदेली परंपरा से उनका सम्मान किया गया. कार्यक्रम में विभिन्न हिंदू संगठनों के पदाधिकारी व बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे.
अपने संबोधन में राणा ने लव जिहाद और लैंड जिहाद पर चिंता व्यक्त करते हुए युवाओं से सनातन की रक्षा के लिए एकजुट होने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि धर्म और संस्कृति की रक्षा के लिए समाज को बच्चों को संस्कार देना होगा. राणा ने चेताया कि अगर झूठे मुकदमे, धर्मांतरण या गौकशी जैसी घटनाएं हुईं तो आंदोलन किया जाएगा.इस दौरान पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए. राणा ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर सहयोग का आश्वासन दिया और सुरभि गौशाला का निरीक्षण भी किया.
