
रीवा, प्रदेश की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था एवं रीवा के गांधी मेमोरियल अस्पताल में जच्चा-बच्चा की मौत को लेकर कमिश्नर कार्यालय के सामने पांच दिन से न्याय सत्याग्रह धरना चल रहा है. जहा प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी गुरूवार की दोपहर शामिल होने पहुंचे. उन्होने बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा और कहा कि पूरे प्रदेश में अराजकता का माहौल है, जनता खून के आंसू रो रही है. मोहन सरकार समीक्षा करो आप अराजकता की. रीवा के न्याय सत्याग्रह को लेकर उन्होने कहा कि आप सबने यह लड़ाई शुरू की है और संघर्ष न्याय की यह लड़ाई निरंतर चलती रहेगी.
उन्होने कहा कि जो चुनाव जीतता है वह सिकंदर होता है लेकिन जो विपक्ष में बैठता है उसका दायित्व होता है कि जनता के मुद्दों को उठाए, हम वही कर रहे है. प्रदेश अध्यक्ष ने बालाघाट में 30 नवजात बच्चों की मौत एवं रीवा में जच्चा-बच्चा की मौत को लेकर कहा कि प्रदेश के डिप्टी सीएम व स्वास्थ्य मंत्री कमरे में बैठ कर चिंता करें. एक पिता न्याय की भीख मांगने के लिये आमरण अनशन पर बैठा है, जहा इस पर विचार करें. अगर किसी नेता या खुद की बेटी होती तो क्या न्याय मांगने के लिये इसी तरह सडक़ पर धरने में बैठना होता. उन्होने छिंदवाड़ा में नशीली सिरप और बालाघाट में नवजात बच्चों की बात उठाते हुए कहा कि यह सरकार नवजात की हत्यारी है, बच्चों की आह लगेगी. बिगड़ी स्वास्थ्य व्यवस्था और हुई मौत पर जीतू पटवारी ने कहा की स्वास्थ्य विभाग हत्यारा है, स्वास्थ्य मंत्री राजेन्द्र शुक्ला आप सोचो एक नही 30 बच्चों की मौत हुई है. नैतिकता और इंसानियत के नाते आप पद से इस्तीफा दें. न्याय सत्याग्रह धरना में सीडब्ल्यूसी के सदस्य पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल, विधायक अभय मिश्रा, सिद्धार्थ कुशवाहा, जिलाध्यक्ष इंजी. राजेन्द्र शर्मा, महापौर अजय मिश्रा बाबा सहित संभाग भर से पहुंचे कांग्रेस पदाधिकारी मौजूद रहे.
कांग्रेसियों को एकजुट होने का आवाहन
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीत पटवारी ने सागर में जहरीली शराब से हुई मौत के मुद्दे को उठाते हुए कहा कि सरकार के ठेकों में भाजपा के लोगो की हिस्सेदारी रहती है. सागर में हुई मौत पर मुख्यमंत्री केवल लीपापोती कर रहे है. रीवा में बेरोजगारी और बदहाल स्थित को लेकर उन्होने परिवर्तन का आवाहन किया और उन्होने रीवा की जनता से हाथ जोड़ कर प्रार्थना की कि कुछ बदलो बदलने का प्रयास करो, जिस तरह से दतिया में बदलाव हुआ है वैसा बदलाव यहा भी आप सब करें. इस दौरान उन्होने कांग्रेसियों को एकजुट होने का आवाहन मंच से किया और कहा कि सभी एकजुट होकर बदलाव करें और अब भाजपा की स्थित देश और प्रदेश में खराब होती जा रही है.
