
आलीराजपुर, जनजातीय विकास विभाग की सचिव श्रीमती मीनाक्षी सिंह एवं कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर की अध्यक्षता में शुक्रवार को विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनजातीय क्षेत्रों के समग्र विकास, हितग्राहीमूलक योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा विभागीय योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में जनजाति ग्राम उत्कर्ष अभियान (धरती आबा योजना) के अंतर्गत एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों, छात्रावासों एवं बालक-बालिका छात्रावासों की व्यवस्थाओं एवं प्रगति की समीक्षा की गई। साथ ही वन अधिकार अधिनियम-2006 के तहत प्राप्त नवीन दावों, स्वीकृत एवं अस्वीकृत प्रकरणों तथा लंबित मामलों की विभागवार समीक्षा करते हुए प्रकरणों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिए गए। समीक्षा के दौरान लोक निर्माण विभाग द्वारा संचालित निर्माण एवं विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गई। वहीं मध्यप्रदेश भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण मंडल तथा मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल) 2.0 योजना के अंतर्गत पंजीकृत श्रमिकों एवं लाभान्वित हितग्राहियों की स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को प्रवासी श्रमिकों का शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान जिले में सिकल सेल एनीमिया की स्थिति एवं नियंत्रण संबंधी गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की गई। सचिव श्रीमती मीनाक्षी सिंह ने स्कूलों, महाविद्यालयों एवं छात्रावासों में नियमित सैनिटाइजेशन कराने तथा छात्रावास वार्डनों को सिकल सेल एनीमिया विषय पर प्रशिक्षण प्रदान करने के निर्देश दिए। बैठक में जिले में संचालित ब्लड स्टोरेज यूनिट की उपलब्धता एवं स्वास्थ्य सेवाओं की भी जानकारी प्रस्तुत की गई।
बैठक में आयुष विभाग द्वारा टेंडन थेरेपी सहित विभागीय गतिविधियों की जानकारी दी गई। साथ ही मोबाइल मेडिकल यूनिट के संचालन एवं ग्रामीण क्षेत्रों में उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा भी की गई। राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के अंतर्गत ग्राम सभाओं के गठन, वित्तीय प्रबंधन एवं ग्राम पंचायतों की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को पेसा अधिनियम के प्रावधानों के अनुरूप ग्राम सभाओं को अधिक सशक्त एवं सक्रिय बनाने पर विशेष रूप से निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त उद्यानिकी, कृषि, मत्स्य, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई), विद्युत सहित अन्य विभागों की योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती संघमित्रा गौतम, विधि विशेषज्ञ श्री बी.एस. रावत, विषय विशेषज्ञ डॉ. दीपमाला रावत, विधि सलाहकार श्री राकेश सहरिया, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्री संजय परवाल, श्री प्रहलाद राठौड़ सहित लोक निर्माण, उद्यानिकी, कृषि, श्रम, स्वास्थ्य, आयुष एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
