नीट परीक्षा में कथित अव्यवस्थाओं को लेकर पटवारी ने लिखा प्रधान को पत्र

भोपाल, 05 मई (वार्ता) मध्यप्रदेश के इंदौर में रविवार को आयोजित हुई नीट परीक्षा में परीक्षा के दौरान बिजली गुल होने और परीक्षार्थियों को कथित तौर पर अव्यवस्थाओं के बीच परीक्षा देने के मामले को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पत्र लिखकर व्यवधान वाले परीक्षा केंद्रों पर दोबारा परीक्षा आयोजित कराने का आग्रह किया है।

श्री पटवारी ने आज लिखे इस पत्र में श्री प्रधान को संबोधित करते हुए कहा है कि चार मई को इंदौर में आयोजित नीट परीक्षा के दौरान भारी वर्षा और विद्युत आपूर्ति बाधित होने के कारण परीक्षार्थियों को अत्यंत कष्ट का सामना करना पड़ा। यहां एक केंद्र पर तो 600 परीक्षार्थियों को मोमबत्ती के सहारे पेपर देना पड़ा, जो हजारों छात्रों के भविष्य के साथ अन्याय है।

उन्होंने आग्रह किया है कि जिन केंद्रों पर परीक्षा में व्यवधान आया, वहां पुनः परीक्षा आयोजित की जाए। साथ ही उन्होंने आग्रह किया है कि भविष्य में ऐसी समस्याओं से बचने के लिए एक आपदा प्रबंधन प्रणाली विकसित की जाए।

मीडिया में आईं खबरों के अनुसार कल इंदौर में कई परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा के दौरान बिजली गुल होने के कारण परीक्षार्थियों को अंधेरे में परीक्षा देनी पड़ी।

 

Next Post

कंबोडिया में कैंसर से हर साल लगभग 14,000 लोगों की मौत

Mon May 5 , 2025
नोम पेन्ह, 05 मई (वार्ता) कंबोडिया में कैंसर के लगभग 20,000 नए मामले दर्ज किए गए हैं। प्रधानमंत्री हुन मानेट ने सोमवार को राष्ट्रीय कैंसर नियंत्रण योजना 2025-2030 के शुभारंभ के दौरान अपने संबोधन में कहा, “देश में 20,000 नए मामले दर्ज किए गए हैं, जबकि हर साल लगभग 14,000 […]

You May Like