जबलपुर: शहर को स्मार्ट सिटी बनाने की कवायद के बीच नगर निगम सीमा के वार्ड 72 स्थित ठनठनपाल मदर टेरेसा क्षेत्र के शंकर नगर की तस्वीर विकास के दावों पर सवाल खड़े कर रही है। यहां रहवासी आज भी पक्की सड़क, नाली और पर्याप्त पथ प्रकाश जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान हैं। बारिश होते ही कच्चे रास्ते कीचड़ और गड्ढों में तब्दील हो जाते हैं, जिससे दोपहिया वाहनों के साथ पैदल निकलना भी मुश्किल हो जाता है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन स्थायी समाधान अब तक नहीं हो सका है।
सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को उठानी पड़ रही है। जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने से बारिश का पानी रास्तों पर जमा रहता है और आसपास उगी झाड़ियों के कारण सांप-बिच्छू जैसे जहरीले जीवों का खतरा भी बना रहता है। शाम होते ही कई हिस्सों में पर्याप्त रोशनी नहीं होने से दुर्घटना का जोखिम बढ़ जाता है। रहवासियों ने नगर निगम आयुक्त और क्षेत्रीय विधायक को मांग पत्र सौंपकर सड़क, नाली और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था जल्द दुरुस्त कराने की मांग की है।
सड़को की मरम्मत हो
क्षेत्रवासियों का कहना है कि शहर के दूसरे हिस्सों में विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं, लेकिन शंकर नगर जैसे इलाकों में बुनियादी सुविधाओं का अभाव चिंता का विषय है। लोगों ने मांग की है कि बारिश के दौरान तत्काल जलनिकासी और रास्तों की मरम्मत कराकर राहत दी जाए तथा स्थायी रूप से पक्की सड़क, नाली और पथ प्रकाश की व्यवस्था की जाए। रहवासियों ने चेतावनी दी है कि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।
