मुंबई, (वार्ता) घरेलू शेयर बाजारों में रविवार की दिवाली के मौके पर एक घंटे का मुहूर्त कारोबार हुआ जिसमें प्रमुख सूचकांकों में हल्की गिरावट देखी गई जबकि वृहत बाजार में तेजी रही।
बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 28.62 अंक (0.04 प्रतिशत) टूटकर 80,999.40 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक 43.95 अंक यानी 0.18 प्रतिशत की गिरावट में 24,986.40 अंक पर आ गया। पिछले साल मुहूर्त कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी दोनों में हल्की तेजी रही थी।
बाजार की शुरुआत बढ़त के साथ हुई थी, लेकिन बाद में प्रमुख सूचकांक लाल निशान में चले गए।
दिग्गज कंपनियों में जहां निवेशक बिकवाल रहे, वहीं मझौली और छोटी कंपनियों में उन्होंने पैसा लगाया। निफ्टी-100 और निफ्टी-200 सूचकांक भी लाल निशान में बंद हुए। दूसरी तरफ, मिडकैप-50 सूचकांक 0.04 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 1.01 प्रतिशत ऊपर रहा।
फार्मा, मीडिया, ऑटो, धातु, स्वास्थ्य तेल एवं गैस, रसायन और सीमेंट समूहों के सूचकांक हरे निशान में रहे। बैंकिंग, वित्त, आईटी, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद, आईटी, रियल्टी और एफएमसीजी समूहों में बिकवाली देखी गई।
एनएसई में कुल 3,550 कंपनियों के शेयरों में आज कारोबार हुआ जिनमें 2,716 के शेयर बढ़त में और 736 के गिरावट में रहे। अन्य 98 कंपनियों के शेयर अंततः अपरिवर्तित रहे। सनफार्मा का शेयर सबसे अधिक 2.96 प्रतिशत, टाटा मोटर्स का 2.09 प्रतिशत और ओएनजीसी का 1.31 प्रतिशत चढ़ा। एसबीआई लाइफ में सबसे ज्यादा 1.11 प्रतिशत, इंडिगो में 1.07 प्रतिशत और भारती एयरटेल में 1.03 प्रतिशत की गिरावट रही।
सेंसेक्स की 30 में से 16 कंपनियों के शेयर हरे निशान में रहे।
