हैदराबाद, (वार्ता) तेलंगाना की राजधानी स्थित मैलारदेवपल्ली औद्योगिक एस्टेट में रविवार को एक प्लास्टिक के गोदाम में भीषण आग लग गई और इसके पास के प्लाईवुड गोदाम तक फैल जाने से काफी नुकसान हुआ।
आग पर काबू पाने के लिए तीन दमकल वाहन लगाए गए। पुलिसकर्मियों ने गोदामों से लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। दोनों जगहों पर रखा सामान आग में जलकर खाक हो जाने की रिपोर्ट है। हादसे की वजह अभी पता नहीं चली है।
एक और घटना में सिकंदराबाद के सीताफलमंडी में एक पटाखों की दुकान में आग लग गई, जब दिवाली के जश्न के दौरान जलाया गया एक रॉकेट दुकान के अंदर आ गिरा, जिससे वहां रखे पटाखों में धमाके हो गये।
इस घटना से आस-पास के लोग घबरा गए और मौके से दूर चले गए, जबकि गाड़ियों को सुरक्षित जगह पर ले जाया गया। अग्निशमन कर्मी मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया। नुकसान के बारे में अभी पता नहीं चल पाया है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घटना की जांच कर रही है।
