भोपाल। मप्र विधानसभा का आज एक दिवसीय विशेष सत्र आयोजित किया जा रहा है, जिसमें महिलाओं को राजनीतिक प्रतिनिधित्व में अधिक अवसर देने और निर्वाचन क्षेत्रों के परिसीमन से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
सदन में आज मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव एक संकल्प रखेंगे, जिसमें संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए एक-तिहाई आरक्षण लागू करने की दिशा में पहल करने का आग्रह किया जाएगा। साथ ही, परिसीमन प्रक्रिया को शीघ्र पूरा कर इसे जल्द प्रभावी बनाने का प्रस्ताव भी होगा।
प्रस्ताव पर पूरे दिन चर्चा होने की संभावना है। सत्तारूढ़ दल भाजपा और प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस दोनों ने इस विषय पर अपनी रणनीति तैयार कर ली है। भाजपा की ओर से चर्चा में महिला सदस्यों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान रहेगा।
विधानसभा द्वारा जारी आज की कार्यसूची के शुरुआत में पूर्व सदस्यों, पूर्व केंद्रीय मंत्रियों और अन्य दिवंगत प्रमुख व्यक्तित्वों को श्रद्धांजलि दिए जाने का उल्लेख भी है।
