छतरपुर। बहादुरपुर गांव की रहने वाली संगीता यादव ने कठिन परिस्थितियों और सीमित संसाधनों के बावजूद अपनी मेहनत के दम पर मध्यप्रदेश पुलिस में महिला आरक्षक के पद पर चयन हासिल कर पूरे गांव का नाम रोशन किया है।
किसान परिवार से ताल्लुक रखने वाली संगीता ने बिना किसी कोचिंग के घर पर रहकर ही ऑनलाइन माध्यम से पढ़ाई की और इस मुकाम तक पहुंचीं। संसाधनों की कमी के बावजूद उन्होंने अपने लक्ष्य से समझौता नहीं किया और लगातार मेहनत करती रहीं।
संगीता की इस सफलता से गांव में खुशी का माहौल है। जैसे ही चयन की खबर सामने आई, परिवार और ग्रामीणों में जश्न का माहौल बन गया। लोगों ने मिठाई बांटकर अपनी खुशी जाहिर की और संगीता को बधाई दी।
ग्रामीणों का कहना है कि संगीता की यह उपलब्धि क्षेत्र की अन्य बेटियों के लिए प्रेरणा बनेगी। उन्होंने साबित कर दिया कि यदि हौसला मजबूत हो, तो सीमित संसाधन भी सफलता की राह में बाधा नहीं बनते।
