
छतरपुर। बुंदेलखंड इन दिनों लू की चपेट में है। अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जिससे आसमान से मानो आग बरस रही है। तेज लू और तपती धूप के कारण लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है और जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
दिन के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा हुआ नजर आ रहा है। जो लोग जरूरी काम से बाहर निकल रहे हैं, वे भी लू और तेज धूप से बेहाल दिखाई दे रहे हैं। राहगीर मूलचंद पटेल ने बताया कि तेज लू के कारण बाहर निकलना कठिन हो गया है, इसलिए लोग ज्यादा पानी पी रहे हैं और सिर व चेहरे को ढककर ही घर से बाहर निकल रहे हैं।
शहर के बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर भीड़ में भारी कमी देखी जा रही है। लोग सुबह जल्दी या शाम के समय ही जरूरी काम निपटाने की कोशिश कर रहे हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों को दोपहर के समय घर से बाहर न निकलने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और धूप से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है, ताकि लू और गर्मी से होने वाली बीमारियों से बचा जा सके।
