कागोशिमा, 04 जुलाई (वार्ता) जापान के दक्षिण-पश्चिमी प्रांत कागोशिमा के एक द्वीप के नागरिकों ने लगातार आ रहे भूकंप के बीच शुक्रवार को अपना स्थान खाली करना शुरू कर दिया है। यह जानकारी स्थानीय मीडिया ने दी।
सार्वजनिक प्रसारक एनएचके की रिपोर्ट के अनुसार, आज सुबह कागोशिमा प्रांत में टोकारा द्वीप समूह के अकुसेकिजिमा के तोशिमा गांव के निवासी जहाज से कागोशिमा शहर के लिए रवाना हुये, जहां उनके अस्थायी आवास में रहने की उम्मीद है।
जापानी मौसम विज्ञान एजेंसी के अनुसार, गुरुवार को टोकारा द्वीप समूह में 5.5 तीव्रता के भूकंप के झटके महसूस किये गये। पिछले लगभग दो सप्ताह में इस क्षेत्र में 1,000 से अधिक भूकंप आ चुके हैं।
एनएचके ने कहा कि गुरुवार के भूकंप के बाद स्थानीय अधिकारियों ने अकुसेकिजिमा से पलायन के इच्छुक निवासियों को निकालने का फैसला लिया है।
रिपोर्ट के अनुसार, जहाज पर सवार 80 वर्ष की आयु तक के 13 लोगों का पहला समूह शुक्रवार को स्थानीय समयानुसार शाम छह बजे के बाद कागोशिमा पहुंचा। अधिकारियों ने कहा कि निकासी लगभग एक सप्ताह तक चलने की उम्मीद है, क्योंकि अन्य द्वीपों के निवासियों को भी निकाला जा सकता है।
