ग्रेटर नोएडा, (वार्ता) उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा के दादरी थाना क्षेत्र में शुक्रवार को पुलिस और घरों में चोरी करने वाले बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके दूसरे साथी को पुलिस ने कांबिंग अभियान के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार, चोरी की मोटरसाइकिल और घरों से चोरी किए गए आभूषण बरामद किए हैं। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ग्रेटर नोएडा के अपर पुलिस उपायुक्त संतोष कुमार ने मुठभेड़ के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि थाना दादरी पुलिस टीम आरवी नॉर्थलैंड के पास नई बस्ती मोड़ पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सामने से एक मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस ने संदिग्ध प्रतीत होने पर उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन बाइक सवार तेजी से मोटरसाइकिल मोड़कर श्मशान घाट की तरफ भागने लगे।
पुलिस टीम ने उनका पीछा किया। खुद को घिरता देखकर एक बदमाश ने पुलिस दल पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया। उसकी पहचान साजिद उर्फ टिचकले उर्फ सतमोला पुत्र अहमद सईद, निवासी मोहल्ला मेवातियान, दादरी, उम्र करीब 29 वर्ष के रूप में हुई है। वहीं, दूसरे आरोपी रिजवान उर्फ काले पुत्र हनीफ बजरंगी, निवासी मोहल्ला मेवातियान, उम्र करीब 28 वर्ष को पुलिस ने कांबिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने साजिद के कब्जे से प्वायंट 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया। रिजवान के पास से एक अवैध चाकू मिला। इसके अलावा, घटना में प्रयुक्त चोरी की मोटरसाइकिल और दो जोड़ी सफेद धातु की पायल, दो पीली धातु की अंगूठियां तथा एक पीली धातु की चेन बरामद हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि करीब एक महीने पहले दोनों ने नयागांव बसंतपुर स्थित एक मकान में चोरी की थी। इसके अलावा, दो दिन पहले अपने दो अन्य साथियों के साथ सूरजपुर विहार कॉलोनी में बंद मकान से आभूषण चोरी किए थे। चोरी के आभूषण आपस में बांट लिए गए थे और उन्हें बेचने के लिए जा रहे थे।
साजिद के खिलाफ दादरी थाने में हत्या, आबकारी अधिनियम और चोरी से संबंधित पांच मुकदमे दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2020 का हत्या और अन्य धाराओं का मामला तथा वर्ष 2026 में दर्ज चोरी के मुकदमे शामिल हैं। चोरी की इन घटनाओं के संबंध में थाना दादरी में मुकदमे दर्ज हैं और उसके अन्य साथियों की तलाश की जा रही है।
वहीं, रिजवान के खिलाफ जारचा और बादलपुर थानों में आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट तथा आबकारी अधिनियम के तहत छह मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा, दादरी में चोरी के दो मुकदमों में भी उसका नाम सामने आया है।
पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है तथा चोरी की अन्य घटनाओं और फरार साथियों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
