क्रेशर प्लांट के वाहन से युवक की मौत, गुस्साए लोगों ने लगाई प्लांट में आग

सीधी।जिले के अमिलिया थाना अंतर्गत हर्दी गांव में सोमवार की रात क्रेशर वाहन की चपेट में आने से एक युवक की मौत के बाद आक्रोशित भीड़ ने जमकर हंगामा शुरू कर दिया। भीड़ द्वारा क्रेशर प्लांट को आग के हवाले करने के साथ ही क्रेशर मैनेजर एवं कर्मचारियों के साथ भी मारपीट की।

मिली जानकारी के अनुसार अमिलिया थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत बघौड़ी के हर्दी गांव में सोमवार की रात करीब 9 बजे सिद्धि विनायक के्रशर वाहन की चपेट में आने से राजकुमार पटेल उम्र 23 वर्ष की जान चली गई। घटना की जानकारी मिलते ही आक्रोशित भीड़ रात में ही क्रेशर परिसर में जमा हो गई। भीड़ के साथ में मृतक के परिजन भी शामिल थे। भीड़ द्वारा क्रेशर में मौजूद कर्मचारियों पर लाठी-डंडो से हमला कर दिया गया। वहीं क्रेशर मैनेजर सोनू चहल निवासी हरियाणा को काफी पीटने के बाद उन्हें आग में फेंकने की कोशिश की गई। गनीमत रही कि कुछ लोगों ने जान पर खेलकर उन्हें बचा लिया। भीड़ द्वारा क्रेशर प्लांट को आग के हवाले कर दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर तीन थानों से पुलिस बल पहुंच गया। पुलिस को भी आक्रोशित भीड़ को खदेडऩे में भारी मशक्कत करनी पड़ी। स्थिति को नियंत्रित करने के बाद पुलिस द्वारा घायल क्रेशर मैनेजर को रीवा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल मैनेजर केसिर पर गहरी चोंटे आई हैं। घटना के बाद आज सुबह मृतक का पोस्टमार्टम कराने के पश्चात शव परिजनों को सौंपा गया। जिसके बाद परिजनों ने अंतिम संस्कार किया। इस घटना के बाद क्षेत्र में काफी तनाव की स्थिति बनी हुई है।

भीड़ पर काबू करने तीन थानों से पहुंची पुलिस

हर्दी गांव में सोमवार की रात क्रेशर वाहन की चपेट में आने से राजकुमार पटेल की मौत होने के बाद लोग काफी आक्रोशित हो गये थे। उनके द्वारा जमकर बवाल शुरू कर दिया गया। स्थिति पर काबू करने के लिये अमिलिया, बहरी, कमर्जी थाना से पुलिस बल मौके पर पहुंचा और आक्रोशित भीड़ को खदेड़ा गया।

इनका कहना है

सीसीटीव्ही फुटेज के आधार पर आरोपियों को चिन्हित कर कार्यवाही की जावेगी। युवक की मौत के बाद कुछ लोग ज्यादा उत्तेजित हो गये थे और इनके द्वारा नियमों से हटकर काम किया गया। पुलिस अब अपना काम कर रही है।

राकेश वैस, थाना प्रभारी अमिलिया

Next Post

बालाघाट जिले के पहले राहवीर बने डॉ. अंकित असाटी 

Tue Sep 30 , 2025
भोपाल। राजधानी भोपाल में आज हुए भव्य समारोह में मुख्य अतिथि परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री एवं बालाघाट जिले के प्रभारी मंत्री राव उदय प्रताप सिंह थे। जिसमें जिले के मोहगाँव-मलाजखंड निवासी डॉ. अंकित असाटी को सड़क दुर्घटना में घायल युवक की जान बचाने पर राहवीर योजना के अंतर्गत सम्मानित […]

You May Like