नौकरी से हटाए गए कोरोना योद्धाओं का आंदोलन तेज, 4 हजार कर्मचारी परिवार सहित भोपाल में जुटेंगे

भोपाल। कोरोना महामारी के दौरान मरीजों की सेवा करने वाले नौकरी से हटाए गए स्वास्थ्यकर्मी एक बार फिर आंदोलन की तैयारी में हैं। अपनी दोबारा नियुक्ति की मांग को लेकर प्रदेशभर के करीब 4 हजार कोरोना योद्धा 16 नवंबर से भोपाल में जुटेंगे।

भोपाल के नीलम पार्क में 16, 17 और 18 नवंबर को तीन दिवसीय महाआंदोलन किया जाएगा। मध्यप्रदेश कोविड-19 आयुष चिकित्सक संघ और पैरामेडिकल स्टाफ का दावा है कि इस आंदोलन में कर्मचारी अपने परिवारों के साथ शामिल होंगे।

इन कर्मचारियों का कहना है कि कोरोना काल में उन्होंने करीब दो साल तक आईसीयू, कोविड सेंटर, सैंपलिंग और वैक्सीनेशन जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाली थीं। लेकिन महामारी का असर कम होने के बाद उनकी सेवाएं समाप्त कर दी गईं। अब कर्मचारी अपने अनुभव के आधार पर दोबारा नौकरी देने की मांग कर रहे हैं।

संघ का आरोप है कि कई बार ज्ञापन देने और धरना प्रदर्शन करने के बावजूद सरकार की ओर से अब तक कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला है। कर्मचारी दूसरे राज्यों में कोविड स्वास्थ्यकर्मियों के समायोजन का हवाला देते हुए मध्यप्रदेश में भी पुनर्बहाली की मांग कर रहे हैं।

संघ ने चेतावनी दी है कि अगर 16 से 18 नवंबर के आंदोलन के बाद भी मांगें पूरी नहीं हुईं, तो 7 दिसंबर 2026 को विधानसभा का घेराव किया जाएगा।

प्रदेश संयोजक डॉ. अंकित असाटी ने प्रदेशभर के कोरोना योद्धाओं से परिवार सहित भोपाल पहुंचकर आंदोलन में शामिल होने की अपील की है।

Next Post

भोपाल में 19 नवंबर से महिला हॉकी का महाकुंभ, छह देशों की टीमें दिखाएंगी दम

Fri Nov 13 , 2026
भोपाल। भोपाल में 19 नवंबर से महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी-2026 का आयोजन होने जा रहा है। नाथू बरखेड़ा स्थित अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर में होने वाली इस प्रतियोगिता में छह देशों की महिला हॉकी टीमें हिस्सा लेंगी। आयोजन को सफल बनाने के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं। सरकार […]

You May Like