
अनूपपुर, मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के भालूमाड़ा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक खंडहरनुमा भवन में 54 वर्षीय महिला का शव मिलने से आसपास चर्चा का विषय बना हुआ हैं। मृततिका कुशियारा गांव निवासी मालती यादव पति स्व. राममिलन यादव के रूप में हुई है। पुलिस को प्राथमिक जांच में हत्या की आशंका जताई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम, डॉग स्क्वाड और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट को बुलाया गया है।
मालती यादव का शव जमुना मॉडल स्कूल के सामने स्कूल के लिए बन रहें भवन में मिला। पुलिस के अनुसार, गुरुवार की रात मृतका के भाई ने भवन में शव पड़े होने की सूचना दी थी। पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू की। शुक्रवार की सुबह से फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई की।
पति की मौत के बाद मायके में रह रही थी महिला
थाना प्रभारी राधिका भगत के अनुसार, मालती यादव की शादी छत्तीसगढ़ निवासी राममिलन यादव से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद पति की मौत हो गई थी। इसके बाद वह अपने मायके लौट आई थी। उसके कोई बच्चे नहीं थे। वह माता-पिता से अलग रहकर आसपास के घरों में घरेलू काम और मजदूरी कर जीवनयापन करती थी।
बुधवार शाम काम से लौटने के बाद से थी लापता
परिजनों के अनुसार, मालती बुधवार शाम घरों में काम करने के बाद लौटी थी। इसके बाद से उसका पता नहीं चल रहा था। गुरुवार रात उसके भाई को खंडहर में शव पड़े होने की जानकारी मिली। जिस बिल्डिंग में शव मिला, वह मंडल स्कूल के लिए प्रस्तावित थी, लेकिन निर्माण अधूरा रह गया। यहां कमरे तो बने हैं, लेकिन छत नहीं डाली गई है। सुनसान जगह होने के कारण पुलिस हत्या के साथ शव को यहां लाकर छिपाने की आशंका पर भी जांच कर रही है।
फॉरेंसिक जांच के बाद होगा पोस्टमार्टम
पुलिस ने साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम, डॉग स्क्वाड और फिंगरप्रिंट टीम को मौके पर बुलाया। जांच पूरी होने के बाद पंचनामा बनाकर शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस मृतका के परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।
शव एक-दो दिन पुराना
पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। महिला के चेहरे पर खून जमा हुआ था और शरीर पर चींटियां लगी थीं। इससे शव एक-दो दिन पुराना हो सकता है। संभव है कि महिला की हत्या किसी दूसरी जगह करने के बाद साक्ष्य छिपाने के लिए शव को यहां लाकर रखा गया हो। हालांकि, मौत की असल वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।
