
इंदौर। यदि आप इंदौर आ रहे हैं और किसी मध्यम या छोटे होटल में ठहरने की योजना बना रहे हैं, तो अपनी सुरक्षा का इंतजाम खुद करके आइए। शहर में आग से बचाव के पुख्ता इंतजाम सिर्फ बड़े होटलों तक ही सीमित हैं। नगर निगम के नियमों में मिली छूट के कारण 50 बेड से कम क्षमता वाले होटलों में ‘फायर एनओसी’ लेने का कोई प्रचलन ही नहीं है। नियमों की आड़ में ऐसे सैकड़ों होटलों को संचालकों की मनमर्जी पर छोड़ दिया गया है।
नियमों की ढील ने बढ़ाया खतरा
नगर निगम के भवन अनुज्ञा विभाग के नियमों के तहत, केवल उन्हीं होटलों को फायर एनओसी लेना अनिवार्य है जिनकी ऊंचाई 15 मीटर से अधिक हो या जिनमें 50 से ज्यादा बेड हों। इस नियम का सीधा फायदा छोटे और मध्यम होटल संचालक उठा रहे हैं। जब एनओसी लेना ही अनिवार्य नहीं है, तो इन होटलों का फायर ऑडिट भी नहीं होता। नतीजतन, आग लगने जैसी आपात स्थिति में यहां ठहरने वाले मेहमानों की जान भगवान भरोसे ही रहती है।
400 से ज्यादा होटल, पर रिकॉर्ड किसी के पास नहीं
* रजिस्टर्ड बड़े होटल: शहर में यूं तो 400 से अधिक होटल संचालित हो रहे हैं, लेकिन खाद्य एवं औषधि विभाग के पास केवल 90 बड़े होटल ही रजिस्टर्ड हैं। इन्हीं बड़े होटलों में फायर सेफ्टी के संसाधन मौजूद हैं और इनका समय-समय पर ऑडिट भी होता है।
* रिहायशी इलाकों में अवैध व छोटे होटल: नगर निगम सीमा के भीतर 1000 से 4000 वर्ग फीट के छोटे प्लॉटों पर 400 से ज्यादा होटल बने हुए हैं, जिनमें से अधिकांश आवासीय क्षेत्रों में हैं।
* बिना सुरक्षा के 10 से 40 बेडरूम: इन छोटे होटलों में 10 से लेकर 40 तक बेडरूम बने हुए हैं। लेकिन 50 बेड की सीमा से कम होने के कारण ये सुरक्षा मानकों से पूरी तरह बाहर हैं।
ऐसे में सवाल उठता है कि शहर में ओयो और अन्य ब्रांड के नाम से टाइअप करके संचालित होटलों में फायर सेफ्टी की व्यवस्था कौन करेगा? निगम से छूट है, लेकिन आवासीय प्लॉट पर व्यावसायिक गतिविधि भी अवैध की श्रेणी में आती है. बताया जाता है कि शहर के विभिन्न इलाकों में छोटे प्लॉटों पर बने होटलों के नक्शे आवासीय में पास हुए हैं और मौके पर व्यावसायिक गतिविधि यानि होटल चलाए जा रहे हैं. इससे बढ़कर यह है कि भवन अधिकारी को भू विकास अधिकार के तहत कार्रवाई का अधिकार है, निगम फायर विभाग को नहीं है. शहर में छोटे प्लॉटों पर बने होटलों को फायर एनओसी की छूट देने वाले नियम शर्तों पर सवालिया निशान उठना लाजिमी है, क्योंकि भवन में फायर सेफ्टी नहीं करने पर भवन अधिकारी नोटिस जारी करते हैं.
50 होटलों को दिए नोटिस
निगम मुख्य भवन अधिकारी सत्येंद्र सिंह राजपूत ने बताया कि करीब 50 होटलों को फायर सेफ्टी के नोटिस दिए है, लेकिन उसके बाद होटलों ने फायर सेफ्टी का ऑडिट रिपोर्ट निगम को जमा नहीं की है. दूसरी ओर निगम फायर सेफ्टी अधिकारी विनोद मिश्रा का कहना है कि 15 मीटर से ऊंची इमारतें और 50 बेडरूम वाली होटल में फायर एनओसी अनिवार्य है. इससे कम ऊंचाई और 50 से कम बेडरूम वाली होटल में कार्रवाई का अधिकार निगम के भवन अधिकारियों के दायरे में आता है.
ये है नियम…
शहर में 15 मीटर ऊंची और 50 बेड से ज्यादा वाले होटलों में फायर एनओसी लेने अनिवार्य है. इसके लिए निगम भवन निर्माण शाखा में भवन निर्माता को फायर प्लान जमा करना होता है. इसके बाद बिल्डिंग पूर्णता प्रमाण पत्र जारी होता है. इसके बाद फिर फायर सेफ्टी संसाधन लगाने और उनकी मॉक ड्रिल की रिपोर्ट पर निगम ऑक्यूपेंसी सर्टिफिकेट जारी करता है. उसके बाद होटल संचालन शुरू हो सकता है.
बॉक्स
कार्रवाई के नाम पर केवल नोटिस
शहर में एक अनुमान के अनुसार 400 सौ से ज्यादा होटलें छोटे प्लॉटों पर संचालित हो रहे हैं और करीब दो सौ से ज्यादा निर्माणाधीन है. उक्त सभी होटलें फायर सेफ्टी की छूट के कारण दायरे से बाहर है. ऐसी होटलों में किचन भी चलता है और 15 से लेकर 40 बेडरुम तक है. निगम भवन अधिकारी ऐसी होटलों पर कार्रवाई नहीं करते है. इसका प्रमाण है कि मात्र 50 होटलों को फायर सेफ्टी नहीं होने के सिर्फ़ नोटिस दिए गए. कार्रवाई के नाम पर शून्य परिणाम है.
सीमित संसाधन और जनता की सुरक्षा से खिलवाड़
एक तरफ नगर निगम के पास आग बुझाने के संसाधन सीमित हैं, तो दूसरी तरफ छोटे प्लॉटों पर होटल निर्माण की अनुमति देकर आम जनता की सुरक्षा से सीधा खिलवाड़ किया जा रहा है। इसके अलावा शहर में 503 ढाबे, रेस्टोरेंट और कमर्शियल किचन रजिस्टर्ड हैं, लेकिन बेडरूम वाले छोटे होटलों की सटीक संख्या खुद प्रशासन के पास भी नहीं है।
इनसेट
जान बचाने वाले 5 जरूरी मानक, जो छोटे होटलों में गायब हैं
* आग बुझाने के यंत्र: हर मंजिल पर चालू हालत में फायर सिलेंडर और पानी छिड़कने वाले स्प्रिंकलर।
* आरक्षित पानी का टैंक: सिर्फ आग बुझाने के लिए अलग से अंडरग्राउंड और ओवरहेड वॉटर टैंक।
* अलार्म और सेंसर: धुआं या गर्मी बढ़ते ही बजने वाले स्मोक डिटेक्टर और इमरजेंसी सायरन।
* आपातकालीन निकास: मुख्य सीढ़ियों के अलावा अलग से सुरक्षित ‘फायर एग्जिट’।
* दमकल के लिए रास्ता: इमारत के चारों ओर इतनी खाली जगह, जिससे फायर ब्रिगेड की गाड़ी आसानी से अंदर आ सके।
