मवेशी बांधते समय रस्सी में फंसी वृद्धा की मौत, रातभर खेत में पड़ा रहा शव

अनूपपुर, कोतवाली थाना अनूपपुर से करीब 12 किलोमीटर दूर ग्राम पंचायत पसला के राठौर मोहल्ला में रविवार देर शाम मवेशी बांधते समय लंबी रस्सी में फंसने से एक 64 वर्षीय वृद्ध महिला की मौत हो गई। घटना के बाद वृद्धा का शव रातभर खेत के सुनसान हिस्से में पड़ा रहा। सोमवार सुबह परिजनों की तलाश के दौरान शव मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई। जानकारी के अनुसार पसला निवासी 64 वर्षीय रामकली राठौर पति स्व. बाबूलाल राठौर घर में अकेली रहती थीं। रविवार शाम वह घर से करीब 500 मीटर दूर स्थित अपने खेत में मवेशियों को बांधने गई थीं। बताया गया कि एक मवेशी के गले में लंबी रस्सी बंधी हुई थी। मवेशी के रस्सी सहित भागने पर रामकली उसे पकड़कर दोबारा बांधने का प्रयास कर रही थीं। इसी दौरान लंबी रस्सी उनके गले और शरीर के अन्य हिस्सों में लिपटकर कस गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

वृद्धा का पुत्र एक दिन पूर्व किसी कार्य से बाहर गया था। सोमवार सुबह घर लौटने पर मां के दिखाई नहीं देने पर उसने आसपास तलाश शुरू की। इसी दौरान घर से कुछ दूरी पर खेत के सुनसान स्थान पर रामकली मृत अवस्था में मिलीं। घटना की सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

Next Post

सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल रीवा में विंध्य का पहला सीआरटी-पी प्रत्यारोपण

Mon Sep 7 , 2026
रीवा, सुपर स्पेशलिटी अस्पताल रीवा के कार्डियोलॉजी विभाग में विंध्य का पहला सीआरटी-पी (कार्डियक रीसिंक्रोनाइजेशन थेरेपी – पेसमेकर) डिवाइस सफलतापूर्वक प्रत्यारोपित कर चिकित्सा के क्षेत्र में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया गया है. इस संबंध में अधीक्षक सुपर स्पेशलिटी हास्पिटल डॉ. अक्षय श्रीवास्तव ने बताया कि विगत दिनों मैहर जिले […]

You May Like