
खंडवा। खंडवा के किशोर नगर में गुरुवार शाम करीब 5 बजे एक ऐसी खूनी वारदात सामने आई है, जिसने पूरे शहर को हिला कर रख दिया है। मोघट थाना क्षेत्र के किशोर नगर में अजय बाकोरे और उनकी पत्नी पूजा बाकोरे पर एक युवक ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। यह हमला इतना खतरनाक था कि मौके पर ही चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग दहशत में आ गए। हमले में पूजा बाकोरे की मौत हो गई, जबकि पति अजय बाकोरे गंभीर रूप से घायल हो गए हैं और अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हमलावर ने दोनों पर एक के बाद एक कई वार किए। पूजा बाकोरे को लगे गंभीर घावों के कारण उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। वहीं पति अजय बाकोरे के पेट में भी चाकू से वार किए जाने की जानकारी सामने आई है, जिसके कारण उनकी हालत बेहद नाजुक और मरणासन्न बताई जा रही है।
घटना के बाद दोनों को तुरंत जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम ने घायल अजय बाकोरे का इलाज शुरू किया। अस्पताल में पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में घायल पति के बयान लेने की प्रक्रिया भी जारी है, ताकि हमले की असली वजह सामने आ सके।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हडक़ंप मच गया। नगर पुलिस अधीक्षक अभिनव बारंगे और मोघट थाना टीआई विकास खींची तुरंत जिला अस्पताल पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस ने घटनास्थल को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। हमले के पीछे की वजह क्या थी, आरोपी कौन है और उसने इस खूनी वारदात को क्यों अंजाम दिया, यह अभी सामने आना बाकी है। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और आरोपी की तलाश में जुट गई है।किशोर नगर में दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज चाकूबाजी की घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। लोग यही पूछ रहे हैं कि आखिर एक हंसते-खेलते परिवार पर इस तरह का जानलेवा हमला क्यों किया गया। फिलहाल पुलिस की जांच जारी है और जैसे ही इस मामले में कोई बड़ा खुलासा होगा, वह सामने आ जाएगा।
