इटली में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी में सहयोग पर उच्चस्तरीय बैठकों में हिस्सा लेंगे जितेंद्र सिंह

नयी दिल्ली, 12 नवंबर (वार्ता) विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी तथा पृथ्वी विज्ञान राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. जितेंद्र सिंह विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं नवाचार के क्षेत्र में भारत और इटली के बीच सहयोग को मजबूत करने के लिए उच्चस्तरीय द्विपक्षीय बैठकों और विज्ञान एवं नवाचार संवाद में हिस्सा लेने के लिए इटली की यात्रा पर हैं।

डॉ. सिंह 11 से 15 नवंबर तक इटली के आधिकारिक दौरे पर हैं। इस यात्रा का उद्देश्य मई 2026 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इटली यात्रा के दौरान तय की गई विशेष रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाना है। भारत-इटली विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संवाद 2026 के तहत डॉ. सिंह 12 नवंबर को इटली की विश्वविद्यालय एवं अनुसंधान मंत्री अन्ना मारिया बर्निनी के साथ द्विपक्षीय बैठक कर विज्ञान एवं नवाचार संवाद में भी हिस्सा लेंगे। इन बैठकों में दोनों देशों के बीच वैज्ञानिक सहयोग और संस्थागत साझेदारी को मजबूत करने पर चर्चा होगी।

भारतीय प्रतिनिधिमंडल 13 नवंबर को ट्रिएस्टे स्थित इलेक्ट्रा सिंक्रोट्रॉन फैसिलिटी, आईसीटीपी और आईसीजीईबी जैसे प्रमुख विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संस्थानों का दौरा करेगा। इस दौरान वहां उपलब्ध अनुसंधान सुविधाओं तथा संस्थागत स्तर पर आपसी सहयोग की संभावनाओं का जायजा लिया जाएगा।

डॉ. सिंह 14 नवंबर को रोम स्थित भारतीय दूतावास में विश्व मधुमेह दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। इसके बाद वह इटली में रह रहे भारतीय समुदाय के सदस्यों से संवाद करेंगे।

भारतीय प्रतिनिधिमंडल में देश के प्रमुख अनुसंधान संस्थानों और शैक्षणिक केंद्रों के प्रतिनिधि भी शामिल हैं। इनमें इंटरनेशनल एडवांस्ड रिसर्च सेंटर फॉर पाउडर मेटलर्जी एंड न्यू मैटेरियल्स के निदेशक डॉ. आर. विजय, श्री चित्रा तिरुनल इंस्टीट्यूट फॉर मेडिकल साइंसेज एंड टेक्नोलॉजी के निदेशक प्रो. संजय बेहारी, राष्ट्रीय भौतिक प्रयोगशाला के निदेशक प्रो. वेणु गोपाल अचंता और इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ केमिकल बायोलॉजी की निदेशक प्रो. विभा टंडन शामिल हैं।

प्रतिनिधिमंडल में भारत के नवाचार एवं प्रौद्योगिकी क्षेत्र से जुड़े संस्थानों के प्रतिनिधियों के साथ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग और भारतीय दूतावास के अधिकारी भी शामिल हैं।

 

Next Post

अक्टूबर 2026 में खुदरा महंगाई 6.09 प्रतिशत पर पहुंची, खाद्य महंगाई 8.94 प्रतिशत, आरबीआई पर ब्याज दर बढ़ाने का दबाव होगा

Thu Nov 12 , 2026
नयी दिल्ली, 12 नवंबर (वार्ता) खाद्य पदार्थों की कीमतों में तेजी के बीच देश के उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (सीपीआई) पर आधारित खुदरा मुद्रास्फीति अक्टूबर 2026 में बढ़कर 6.09 प्रतिशत (अनंतिम) पर पहुंच गयी। इससे पिछले माह सितंबर में यह 5.54 प्रतिशत थी। खाद्य पदार्थों की महंगाई दर अक्टूबर में 8.94 […]

You May Like