सीहोर। शहर में चेन स्नेचिंग करने वाले बदमाशों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब घर के बाहर खड़ी महिलाएं भी सुरक्षित नहीं हैं. रविवार दोपहर इंग्लिशपुरा क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई चेन स्नेचिंग की वारदात ने एक बार फिर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. घर के बाहर रंगोली बना रही महिला को निशाना बनाकर बाइक सवार दो बदमाश उनके गले से करीब डेढ़ तोले की सोने की चेन झपटकर फरार हो गए. बदमाशों ने वारदात को इतनी सफाई से अंजाम दिया कि महिला को संभलने तक का मौका नहीं मिला.
जानकारी के अनुसार कोतवाली थाना क्षेत्र के इंग्लिशपुरा निवासी भास्कर गौर की पत्नी मोना गौर रविवार दोपहर करीब 3. 45 बजे अपने घर के बाहर रंगोली बना रही थीं. इसी दौरान केटीएम बाइक पर सवार होकर दो युवक वहां पहुंचे. दोनों ने पहले पता पूछने के बहाने महिला से बातचीत शुरू की. बाइक चालक ने हेलमेट पहनकर अपना चेहरा छिपा रखा था, जबकि पीछे बैठे युवक ने चेहरे पर रुमाल बांध रखा था. उनके हुलिए और बातचीत के तरीके से महिला को किसी तरह का संदेह नहीं हुआ. बदमाशों ने महिला को बातों में उलझाया और मौका मिलते ही एक युवक ने झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन खींच ली. अचानक हुई इस घटना से महिला घबरा गईं और जोर-जोर से चिल्लाने लगीं. शोर सुनकर आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकले और बदमाशों को पकडऩे की कोशिश की, लेकिन तब तक दोनों बाइक से भोपाल नाके की ओर भाग निकले.
महिला ने कोतवाली पुलिस को शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले हैं. इनमें संदिग्ध बाइक सवार दोनों युवक भोपाल नाके की तरफ जाते दिखाई दिए हैं. पुलिस अब फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने और उनकी तलाश में जुटी है. इस वारदात में बदमाशों ने जिस तरीके से पहले महिला से बातचीत की और फिर अचानक चेन झपटकर भागे, उससे साफ है कि वे मौके की तलाश में थे. रहवासी क्षेत्र में दोपहर के समय हुई इस घटना ने नागरिकों की चिंता बढ़ा दी है.
