रिहायशी क्षेत्र के कबाडख़ाने में भड़की भीषण आग से दहशत

सीहोर। दीपावली की आतिशबाजी के बीच शहर के कोतवाली चौराहे और लुनिया चौराहा क्षेत्र में आगजनी की घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए.

रविवार को कोतवाली चौराहे के पास रिहाइशी इलाके में संचालित कबाडख़ाने में दोपहर करीब दो बजे अचानक भीषण आग भड़क उठी. कबाड़ में मौजूद प्लास्टिक और अन्य ज्वलनशील सामग्री के चलते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया. ऊंची लपटें पास स्थित मकान की छत तक पहुंच गईं1 वहीं रविवार रात लुनिया चौराहा स्थित ऑटो गैरेज में भी भीषण आग लगने से पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई. दोनों घटनाओं में दमकलकर्मियों को आग पर काबू पाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी.

कोतवाली चौराहे की घटना ने एक बार फिर रहवासियों की चिंता बढ़ा दी है.लोगों के मुताबिक घनी आबादी वाले क्षेत्र में कबाड़ का कारोबार संचालित किया जा रहा है. कबाडख़ाने में प्लास्टिक सहित ज्वलनशील सामग्री का जमावड़ा होने से यहां हमेशा आगजनी का खतरा बना रहता है. आग इतनी तेजी से फैली कि पास स्थित एक खाली मकान भी इसकी चपेट में आ गया. गनीमत रही कि दमकल वाहन समय पर पहुंच गए और आग को आसपास के मकानों तथा दुकानों तक फैलने से रोक लिया.

रहवासियों का कहना है कि इसी कबाडख़ाने में करीब दो माह पहले भी भीषण आग लगी थी, जिसमें तीन गाडिय़ां जलकर खाक हो गई थीं. क्षेत्रवासियों ने पुलिस और प्रशासन को लिखित शिकायत देकर कबाडख़ाने को हटाने की मांग की थी, लेकिन शिकायतों के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. लोगों का कहना है कि मकान मालिक अधिक किराए के लालच में पूरे मोहल्ले की सुरक्षा को दांव पर लगा रहा है. लोगों का सवाल है कि पुलिस थाने के करीब रिहाइशी इलाके में इस तरह ज्वलनशील सामग्री का भंडारण आखिर किसकी अनुमति से हो रहा है.लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही कबाडख़ाने को हटाकर जिम्मेदारों पर वैधानिक कार्रवाई नहीं की गई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे.

ऑटो गैरेज से उठती रही आग की विकराल लपटें

इसी तरह लुनिया चौराहा स्थित ऑटो गैरेज में लगी आग ने भी कम खतरा पैदा नहीं किया. गैरेज में रखे ऑयल और ग्रीस के कारण आग लगातार सुलगती रही. आसपास की दुकानों के साथ करीब 50 मीटर की दूरी पर स्थित पेट्रोल पंप तक आग पहुंचने की आशंका ने लोगों की सांसें अटका दीं. आग की विकरालता को देखते हुए क्षेत्र की बिजली सप्लाई बंद करानी पड़ी. कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंचकर भीड़ को नियंत्रित करने और व्यवस्था संभालने में जुटी रही.

 

 

Next Post

सीहोर में उत्साह के साथ मनाई गई गोवर्धन पूजा, पशुओं का श्रृंगार कर की गई पूजा-अर्चना

Tue Nov 10 , 2026
सीहोर। दीपावली के दूसरे दिन शहर में भगवान गोवर्धन की पूजा- अर्चना की गई. इस पर्व को यादव समाज व पशुपालकों द्वारा प्रमुखता से मनाया जाता है. छोटी व बड़ी ग्वालटोली में यादव समाज द्वारा विशालकाय गोर्वधन बनाकर पूजा- अर्चना की गई. दीपावली के दूसरे दिन गोवर्धन पूजा का त्योहार […]

You May Like