नौसेना के 3300 अग्निवीरों का बड़ा बैच शुक्रवार को होगा पास आउट

नयी दिल्ली , 09 नवम्बर (वार्ता) भारतीय नौसेना के प्रशिक्षण संस्थान आई एन एस चिल्का में 13 नवंबर को अग्निवीरों के नौवें बैच की पासिंग आउट परेड होगी जिसमें भारतीय नौसेना और भारतीय तटरक्षक बल के 3,300 से अधिक प्रशिक्षु अपना 16 सप्ताह का शुरुआती प्रशिक्षण पूरा कर पास आउट होंगे। यह आई एन एस चिल्का से पास आउट होने वाला अब तक का सबसे बड़ा बैच होगा।
रक्षा मंत्रालय ने सोमवार को बताया कि नौसेना प्रमुख एडमिरल कृष्ण स्वामीनाथन परेड के मुख्य अतिथि और निरीक्षण अधिकारी होंगे। इस परेड के साथ प्रशिक्षुओं के गहन प्रशिक्षण का समापन होगा। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें शारीरिक रूप से मजबूत, मानसिक रूप से सक्षम, अनुशासित और पेशेवर रूप से कुशल बनाने पर जोर दिया गया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में पढ़ाई, शारीरिक अभ्यास, तैराकी, परेड, आउटडोर गतिविधियां और कैंप शामिल रहे। इसके अलावा प्रशिक्षुओं में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, टीम भावना और आपसी सहयोग विकसित करने के साथ नौसेना के मूल मूल्यों कर्तव्य, सम्मान और साहस पर भी जोर दिया गया। इस अवसर पर प्रशिक्षुओं के परिवार, नौसेना के पूर्व अधिकारी और अन्य विशिष्ट अतिथि मौजूद रहेंगे। समापन समारोह की अध्यक्षता दक्षिणी नौसेना कमान के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ वाइस एडमिरल समीर सक्सेना करेंगे। समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं, चैंपियन डिवीजन और सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षक को पुरस्कार दिये जायेंगे। इस दौरान प्रशिक्षुओं की द्विभाषी पत्रिका ‘अंकुर’ का भी विमोचन किया जायेगा।

.....

Next Post

जलवायु कार्रवाई तेज करने की मांगों के बीच तुर्की में शुरू हुआ सीओपी31 सम्मेलन

Mon Nov 9 , 2026
अंताल्या, 09 नवंबर (वार्ता) संयुक्त राष्ट्र का जलवायु सम्मेलन सीओपी31 सोमवार को तुर्की के भूमध्यसागरीय शहर अंताल्या में शुरू हुआ। इस दौरान सरकारों पर जलवायु संबंधी प्रतिबद्धताओं को ठोस कार्रवाई में बदलने और जलवायु परिवर्तन के प्रति संवेदनशील देशों को अधिक सहायता देने का दबाव बढ़ रहा है। नौ से […]

You May Like

Play sound