
सौंसर, दीपावली के पावन पर्व के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा सौंसर में भव्य ‘पत्रकार मिलन समारोह’ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पार्टी पदाधिकारियों ने क्षेत्र के मीडिया प्रतिनिधियों से आत्मीय संवाद स्थापित किया और आगामी संगठनात्मक रूपरेखा व जनहितकारी योजनाओं पर चर्चा की।
कार्यक्रम में उपस्थित भाजपा जिला अध्यक्ष संदीप मोहोड ने पार्टी के विभिन्न कार्यक्रमों एवं नीतियों को लेकर पत्रकारों के साथ विचार साझा किए। उन्होंने नवगठित पांढुरना जिले के विकास का खाका खींचते हुए कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि नए जिले में आधारभूत संरचना, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में तेजी से कार्य किए जा रहे हैं।
इस पत्रकार मिलन समारोह में भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अजय धवले, नगरपालिका अध्यक्ष सुरेखा इंदरचंद डागा तथा जनपद अध्यक्ष संजय भूते, युवा नेता राहुल मोहोड़ विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में पत्रकारों की सकारात्मक भूमिका की सराहना की और सभी मीडिया कर्मियों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं।
