सतना : शहर में आम नागरिकों को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों की टीम ने खाद्य सुरक्षा विभाग के साथ मिलकर विभिन्न मिष्ठान प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण किया.
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों के दल ने दुकानों में विक्रय हेतु रखी गई मिठाइयों की गुणवत्ता, उनके निर्माण स्थल, भंडारण और रखरखाव की व्यवस्था को परखा. इसके साथ ही प्रतिष्ठानों में स्वच्छता के स्तर और खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन की स्थिति का जायजा लिया गया. खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने सामग्री के निर्माण में प्रयुक्त होने वाले अवयवों तथा एक्सपायरी संबंधी नियमों की भी पड़ताल की.
एसडीएम राहुल सिलाडिया एवं सीएसपी मनीष त्रिपाठी ने सभी मिष्ठान विक्रेताओं को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ न करें. दुकानों में मिठाइयों को ढंककर स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण में रखा जाए तथा खाद्य सुरक्षा अधिनियम के प्रावधानों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए.
