मैहर। जिले की ग्राम पंचायत धनवाही कला में शनिवार दोपहर को सामुदायिक भवन के निर्माण कार्य को लेकर तनाव की स्थिति बन गई. मामला इतना बढ़ गया कि महिला सरपंच ने कुछ लोगों पर बंदूक लेकर निर्माण स्थल पर पहुंचने, अभद्रता करने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है. इस घटना से ग्रामीणों में दहशत और आक्रोश का माहौल है.
प्राप्त जानकारी के मुताबिक. ग्राम पंचायत में सामुदायिक भवन का निर्माण कार्य पहले भी विवाद के चलते रुक गया था. हालांकि. शासन की औपचारिक सहमति और अनुमति मिलने के बाद इस कार्य को दोबारा शुरू कराया गया था. शनिवार को जब निर्माण कार्य चल रहा था. तभी कुछ लोग मौके पर आ धमके और काम को रुकवाने का दबाव बनाने लगे. ग्राम पंचायत की सरपंच सुषमा रामप्रकाश कुशवाहा ने नादन देहात थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है.
सरपंच का आरोप है कि युवराज सिंह, जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष के बड़े भाई ब्रजराज सिंह और रंजीत विश्वकर्मा अपने अन्य साथियों के साथ मौके पर पहुंचे. आरोप है कि ब्रजराज सिंह हाथ में बंदूक लेकर आए थे. सरपंच ने अपनी शिकायत में यह भी बताया कि आरोपियों ने उनके साथ जमकर अभद्रता और मारपीट की. साथ ही, जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी. घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक व्यक्ति बंदूक के साथ नजर आ रहा है. सरपंच पक्ष ने घटना से जुड़ा वीडियो और अन्य सबूत अपनी लिखित शिकायत के साथ पुलिस को सौंपा है.
सीएसपी महेंद्र सिंह ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि ग्राम पंचायत में चल रहे सामुदायिक भवन निर्माण को लेकर पिछले दो दिनों से विवाद की स्थिति बनी हुई थी. फिलहाल सरपंच द्वारा दी गई लिखित शिकायत और सौंपे गए वीडियो फुटेज की बारीकी से जांच की जा रही है. जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.
