नयी दिल्ली 17 जनवरी (वार्ता) तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने कहा है कि वह दिसम्बर में हिरासत में लिए गये एक समुद्री पोत पर सवार चालक दल के 16 भारतीय सदस्यों को दूतावास सुविधा उपलब्ध कराने के लिए ईरानी अधिकारियों से निरंतर संपर्क बनाए हुए है।
दूतावास ने शनिवार को एक वक्तव्य जारी कर कहा कि इस मामले के ईरान में न्यायिक प्रक्रिया में उलझने की संभावना को देखते हुए दूतावास के अधिकारी ईरानी अधिकारियों से न्यायिक कार्यवाही को जल्द से जल्द पूरा करने के लिए लगातार आग्रह कर रहे हैं।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने भी शुक्रवार को कहा था कि भारत हिरासत में लिए गये भारतीयों को दूतावास की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए ईरान सरकार के संपर्क में है और सभी जरूरी कदम उठाये जा रहे हैं।
दूतावास ने इस संबंध में विस्तार से ब्योरा देते हुए कहा कि उसे पिछले वर्ष दिसंबर के मध्य में ईरानी अधिकारियों द्वारा पोत एमटी वैलियंट रोअर को हिरासत में लिए जाने की सूचना मिली। इस पर भारतीय चालक दल के 16 सदस्य सवार थे। भारत के बंदर अब्बास स्थित महावाणिज्य दूतावास ने तुरंत 14 दिसंबर को ईरान सरकार को पत्र लिखकर चालक दल को दूतावास सुविधा प्रदान करने का अनुरोध किया। इसके बाद से राजनयिक पत्राचार तथा बंदर अब्बास और तेहरान में प्रत्यक्ष बैठकों के माध्यम से, राजदूत स्तर सहित, कई बार यह अनुरोध दोहराया गया है। ईरानी अधिकारियों से यह भी अनुरोध किया गया है कि चालक दल को भारत में अपने परिवारों से संपर्क करने की अनुमति दी जाए।
महावाणिज्य दूतावास ने पोत को संचालित करने वाली संयुक्त अरब अमीरात की कंपनी से भी 15 दिसम्बर को संपर्क किया और इसके बाद कंपनी के ईरान स्थित एजेंटों के संपर्क में रहा है, ताकि कंपनी पर जहाज के लिए भोजन, पानी और ईंधन की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा ईरानी न्यायालयों में चालक दल के लिए कानूनी प्रतिनिधित्व की व्यवस्था करने के लिए दबाव डाला जा सके। जहाज द्वारा भोजन और पानी के भंडार कम होने की सूचना दिए जाने पर, दूतावास ने इस महीने के शुरू में ईरानी नौसेना के साथ बात कर आपातकालीन आधार पर भोजन और पानी की आपूर्ति की व्यवस्था कराई। दुबई स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास भी जहाज की मालिक कंपनी पर कानूनी प्रतिनिधित्व और नियमित रूप से आवश्यक सामग्री की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए निरंतर दबाव बना रहा है।
दूतावास ने कहा है कि यह मामला ईरान में न्यायिक प्रक्रिया में उलझने की संभावना है। इसे देखते हुए महावाणिज्य दूतावास ईरानी अधिकारियों से चालक दल को शीघ्र दूतावास सुविधा प्रदान करने तथा न्यायिक कार्यवाही को शीघ्रता से पूर्ण करने के लिए लगातार आग्रह कर रहे हैं।
