बेंगलुरु, 05 नवंबर (वार्ता) टाटा समूह की फैशन एक्सेसरीज कंपनी टाइटन को चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में 1,722 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा हुआ जो एक साल पहले के मुकाबले 54 प्रतिशत अधिक है। कंपनी के निदेशक मंडल की गुरुवार को हुई बैठक के बाद जारी वित्तीय परिणामों के अनुसार दूसरी तिमाही में कंपनी की कुल राजस्व 20,533 करोड़ रुपये रहा जो सालाना आधार पर 25 प्रतिशत की वृद्धि दिखाता है। गहने-जेवरात के कारोबार में कंपनी का राजस्व 24 फीसदी बढ़कर 17,495 करोड़ रुपये हो गया। इसमें भारतीय कारोबार का योगदान 21 फीसदी बढ़कर 16,343 करोड़ रुपये और अंतरराष्ट्रीय कारोबार का 105 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 1,152 करोड़ रुपये रहा।
घड़ियों के कारोबार से उसकी कमाई 27 फीसदी बढ़कर 1,881 करोड़ रुपये पर और चश्मों के कारोबार से कमाई 28 फीसदी बढ़कर 281 करोड़ रुपये पर रही। टाइटन के प्रबंध निदेशक अजय चावला ने कहा कि त्योहारों के तीसरी तिमाही में चले जाने के बावजूद अधिकांश समय उपभोक्ताओं की मांग अच्छी बनी रही।
गहनों के डिजाइन-आधारित कलेक्शन और आकर्षक ऑफर को विभिन्न बाजारों और सभी आयु वर्ग के लोगों ने खूब पसंद किया। घड़ियों के व्यवसाय में प्रीमियम उत्पादों और अलग डिज़ाइन पर विशेष ध्यान दिया गया। उन्होंने कहा कि कंपनी अपने पूरे पोर्टफोलियो में लगातार नवाचार कर रही है और विकास के लिए निवेश कर रही है। इसका उद्देश्य ब्रांड की वैल्यू को मजबूत करना, ग्राहकों के साथ जुड़ाव को प्रगाढ़ करना और अपने सभी हितधारकों के लिए दीर्घकालिक मूल्य का निर्माण करना है।

